सरकारी अस्पतालों में होने वाले मरीजों के आपरेशन से पूर्व होने वाली कोरोना जांच की रिपोर्ट जल्द ही प्राप्त करने के लिए शासन स्तर से आई ट्रू नाट मशीन सोमवार से काम करना शुरू कर देगी। इसके संचालन के लिए फार्मासिस्ट एवं अन्य कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है।
कोविड महामारी के प्रकोप के चलते किसी भी प्रकार के आपरेशन से पूर्व मरीज की कोविड जांच आवश्यक हो गई है। वर्तमान में मात्र जेएन मेडिकल कॉलेज में ही कोविड जांच की व्यवस्था है, लेकिन यहां अलीगढ़ के साथ अन्य जनपदों के मरीजों की जांच रिपोर्ट का अंबार लगा होने के कारण तत्काल जांच रिपोर्ट मिलनी संभव नहीं हो रही थी।
इससे तत्काल आपरेशन के किडनी, गाल ब्लैडर में स्टोन, गर्भवती महिला की सर्जरी, गन शाट, रोड एक्सीडेंट के केसों को हैंडल करने में चिकित्सकों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मरीज की जान भी खतरे में थी। इन सभी दिक्कतों को दूर करने के लिए हाल ही में शासन ने ट्रू नाट मशीन मलखान सिंह जिला अस्पताल में स्थापित कराई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी कल्याणी ने बताया कि यह मशीन सोमवार से काम करना शुरू कर देगी।
सरकारी अस्पतालों के आपरेशन केसों को हैंडल करने में होगी आसानी
मलखान सिंह जिला अस्पताल के डॉ. राजवंशी ने बताया कि इस मशीन के आने से सरकारी अस्पतालों में आपरेशन केस हैंडल करने में आसानी होगी। मशीन से दो घंटे में दो मरीजों के कोरोना वायरस की स्केनिंग हो सकेगी। आम कोरोना मरीजों की जांच जेएन मेडिकल कालेज में ही होगी।