एसएसपी काे ज्ञापन देने जाते अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी।
- फोटो : Rupesh
फिल्म और टेलीविजन धारावाहिक निर्माता एकता कपूर की ताजा वेब सीरीज ट्रिपल एक्स-2 में भारतीय सेना के प्रति कथित अपमानजनक प्रस्तुति से अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा में आक्रोश है।
शनिवार को महासभा के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर एक प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसमें एकता कपूर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। महासभा के युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हिमांशु राज ठाकुर, सुमित चौहान ठाकुर, शक्ति सिंह ठाकुर, तेजेंद्र प्रताप सिंह ठाकुर, हर्ष बाबा, अरुण जादौन, युवराज सिंह, अमित जादौन, दुष्यंत जादौन, मनीष ठाकुर, संदीप जाधव, हर्षित गुप्ता, रोहित सिंह, अनुराग सिंह, कुशल सिंह नानू आदि एसएसपी से मिले और उन्हें पत्र सौंपा।
महासभा के पदाधिकारियों ने एसएसपी को बताया कि ऐसे समय में जब पूरा देश और दुनिया महामारी से जूझ रही है, उस समय सैनिकों का और सैनिकों के परिवारों का इस प्रकार का चित्रण मर्यादा को तार-तार कर देने वाला है। इसलिए मनोरंजन के नाम पर फूहड़ और अश्लील प्रस्तुति देने वाले प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ और उसके संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की अनुमति दी जाए।