गांव बौल्ला में दो दोस्तों के साथ तरणताल गए युवक ने फिरौती के लिए अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला शुक्रवार रात का है।
थाना खैर के गांव अर्राना निवासी हनी शर्मा ने बताया कि थाना गोंडा के गांव बौल्ला स्थित तरणताल में नहाने की योजना बनाते हुए उसने गांव बौल्ला निवासी राहुल को शुक्रवार शाम आठ बजे फोन किया। पूछा कि तरणताल में पानी साफ हो तो वह अपने दोस्तों के साथ नहाने आ जाए। राहुल द्वारा हामी भरने पर वह अपने दोस्त रवि और ललित के साथ वहां पहुंच गया।
नहाने के बाद हनी ने आरोप लगाया कि राहुल को जानकारी मिल गई कि हम तीनों संपन्न परिवार से हैं। राहुल ने षड्यंत्र कर अपने भाई कपिल उर्फ धप्पू व दोस्त कान्हा के साथ मिलकर तीनों को हथियार के बल पर धमकाते हुए कहा कि घर से रुपये मंगवा दो नहीं तो जान से मारे जाओगे। आरोपियों ने उनका फोन छीन लिया तथा उन्हें कमरे में बंद कर दिया।
उनके पास दो फोन थे, जिसमें से एक फोन उसके पास रह गया। इसी फोन से ललित ने अपने पिता को सूचना दे दी। थोड़ी देर में पुलिस पहुंच गई तथा उन्हें कमरे से बाहर निकाला। मामले में थाना प्रभारी मोनू कुमार आर्य ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है , पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।