रोरावर और लोधा क्षेत्र के कई गांवों के हैंडपंपों से निकल रहे लाल पानी व मांस के टुकड़ों के नमूने को जलनिगम की जांच में बेहद घातक बताया हैं। इस खुलासे के बाद ग्रामीणों को इन हैंडपंप का पानी न पीने की हिदायत दी गई है।
जिले के चमरौला, अमरपुर कोंडला, मकदूम नगर, शाहपुर कुतुब क्षेत्र मे कई दिनों से हैंडपंप का पानी लाल और गंदा निकल रहा है। जिसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से की गई थी, रविवार को इसको लेकर ग्रामीणेें ने जमकर हंगामा काटा था। सोमवार को एसीएम प्रथम कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व जल निगम की संयुक्त टीम ने इन गांवों का दौरा किया। इस दौरान दो हैंडपंप तथा अन्य इलाके की एक मीट फैक्टरी के एसटीपी प्लांट से नमूना लेकर जांच को प्रयोगशाला भिजवाया था। जल निगम की जांच में दोनों हैंडपंपों के नमूने निर्धारित मानक पर खरे नहीं उतरे हैं। जल निगम के अधीक्षण अभियंता ग्रामीण मोहम्मद इमरान ने बताया कि हैंडपंप से लिए गए नमूने जांच में बेहद घातक मिले हैं। इसमें फ्लोराइड और टर्बिडिटी की मात्रा काफी अधिक पायी गई है। इसको लेकर चमरौला तथा आसपास के ग्रामीणों को हैंडपंप का पानी न पीने की सलाह दी गई है। इन नमूनों को विस्तृत जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला में भिजवाया गया है।