पैगंबर-ए-इस्लाम के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वालीं भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा खिलाफ बुधवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्रों ने मार्च निकाला। उन्होंने नूपुर शर्मा को फांसी दिए जाने की मांग की। साथ ही चेताया कि नूपुर व नवीन जिंदल की 48 घंटे के अंदर गिरफ्तारी न होने पर एएयू समेत शहर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बुधवार की शाम पांच बजे काफी संख्या में छात्र एएमयू की मौलाना आजाद लाइब्रेरी के पास एकत्र हुए। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट के लिए कूच किया। इस दौरान छात्रों के हाथों में नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तख्ती व बैनर थे। प्रदर्शनकारी छात्रों को बाब-ए-सैयद पर एएमयू प्रॉक्टोरियल टीम ने रोक लिया। हालांकि, कुछ दूरी पर पीएसी के जवान और पुलिस फोर्स मय अधिकारियों के साथ तैनात थी। छात्र नेता जानिब हसन ने बताया कि एक निजी चैनल पर नूपुर शर्मा ने पैगंबर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने देश में दंगा भड़काने की कोशिश की। उनके बयानबाजी के बाद ही कानपुर में दंगे जैसी स्थिति बनी।
कहा कि भाजपा ने उन्हें निलंबित कर दिया है, लेकिन यह काफी नहीं है। नूपुर शर्मा को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेजने के साथ फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उनकी मांगे नहीं मानी गईं तो विश्वविद्यालय समेत महानगर में जगह-जगह प्रदर्शन किया जाएगा। कहा कि कानपुर में पुलिस द्वारा पकड़े गए निर्दोषों को छोड़ा जाना चाहिए। छात्र नेता फरीद मिर्जा ने कहा कि अगर सरकार ने नूपुर और जिंदल को जेल नहीं भेजा तो वह जेल भरो आंदोलन चलाएंगे।
छात्र नेता मुफीद राहिब ने कहा कि पैगंबर के खिलाफ एक शब्द नहीं सुन सकते। उनकी खातिर अपनी जान दे देंगे। छात्र नेता यासिर अख्तर ने कहा कि विरोध मार्च लाइब्रेरी से कलेक्ट्रेट तक निकालना था, लेकिन एएमयू प्रशासन ने जिला प्रशासन से मिलकर मार्च को बाब-ए-सैयद पर ही रोक दिया। इस मौके पर फरहान जुबैरी, आरिफ त्यागी, सलमान सिद्दीकी, मोहम्मर सारिम, नदीम अख्तर, सरमाज उल हक, अशहद आलम, सलमान गौरी, इखलास आलम, फरहान जैद, आरिफ आदि मौजूद रहे। बाब-ए-सैयद पर छात्रों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसीएम द्वितीय सुधीर कुमार को सौंपा।
एएमयू : शिक्षकों ने भी निकाला कैंडल मार्च
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के शिक्षकों ने भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा और बर्खास्त नवीन जिंदल द्वारा पैगंबर इस्लाम पर की गई अपमानजनक टिप्पणी की निंदा की। दोनों नेताओं के विरोध में एएमयू के शिक्षकों ने डक पॉंड से बाब-ए-सैयद तक कैंडल मार्च निकाला। मार्च में अमुटा के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हामिद अली, डॉ. मुबस्सिर अली, अशरफ मतीन आदि शिक्षक शामिल रहे। ब्यूरो