जूनियर ऑफिस असिस्टेंट की परीक्षा देते अभ्यर्थी।
- फोटो : संवाद
कोरोना के बीच उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2021 रविवार को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। शासन के सामने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए दोहरी चुनौती होगी। पिछली बार पेपर आउट होने के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। ऐसे में परीक्षा का शुचितापूर्ण आयोग अफसरों की प्राथमिकता में है। वहीं, तेजी से बढ़ रहे कोविड के मामलों के बीच अभ्यर्थियों को संक्रमण से बचाने की चुनौती होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज की बसों में यात्रा मुफ्त की गई है।
आज यूपी टीईटी परीक्षा के लिए सुबह और दोपहर की पाली में कुल 31 हजार 614 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सुबह की पाली में 18888 तो दोपहर की पाली में 12726 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। सुबह प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 38 तो दोपहर में उच्च प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों के लिए 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को सुबह की पाली में साढ़े नौ बजे तक तो दोपहर की पाली में दो बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
बता दें कि यूपी टीईटी की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस फोर्स पहुंचने लगी है, जबकि आसपास की फोटो स्टेट की दुकानें बंद कराई जा रही हैं। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को वैद्य प्रवेश पत्र के साथ ऑनलाइन आवेदन के दौरान अपलोड किए गए फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाना होगा। इसके साथ प्रशिक्षण योग्यता का मूल प्रमाणपत्र भी दिखाना होगा। अगर मूल प्रमाणपत्र नहीं है तो किसी भी सेमेस्टर की निर्गत अंकपत्र की मूल प्रति या प्राचार्य द्वारा प्रमाणित की गई अंकपत्र की प्रति दिखानी होगी। तभी अभ्यर्थी परीक्षा दे सकते हैं।