देहली गेट क्षेत्र के इंदिरा नगर-राम नगर में सोमवार देर शाम हुई पेंट कारोबारी विजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुनीता गुप्ता की हत्या में पुलिस अभी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची। मगर सीसीटीवी फुटेज तलाशने के दौरान एक जगह टिर्री से उतरते दो युवक कैद पाए गए हैं, जो कुछ संदिग्ध लग रहे हैं। हालांकि अंधेरा होने के कारण उनको पहचान पाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस अब उन्हें टिर्री की मदद से पहचानने के प्रयास में जुटी है। वहीं अभी तक की जांच व पूछताछ में पेंटर व नौकरानी से कोई सुराग नहीं मिला है।
कनवरीगंज में पेंट का कारोबार करने वाले विजेंद्र गुप्ता की पत्नी सोमवार देर शाम घर में अकेली थीं। तभी अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उनकी चाकुओं से गोदकर नृशंसतापूर्वक हत्या कर दी। हालांकि पहले दिन इस घटना में लूट के किसी भी आरोप का बिना जिक्र किए तहरीर दी गई। इस आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में घर में काम करने वाले पेंटर, नौकरानी आदि को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अब तक की जांच व पूछताछ में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। इधर, लगातार चल रही सीसीटीवी की खोज में पुलिस को घर के आसपास के इलाकों में एक जगह एक टिर्री से उतरते दो युवक कैद पाए गए हैं। अंधेरा होने के कारण उनके चेहरे साफ नहीं हैं। मगर उन पर उनकी गतिविधियों को लेकर संदेह है। जांच में वे घर से पीछे की ओर कहीं कैद नहीं हैं। अब उनकी आगे खोज की जा रही है। परिवार ने भी अंधेरे के कारण अभी तक उन्हें नहीं पहचाना है। फिर भी प्रयास किया जा रहा है कि टिर्री की मदद से उन तक पहुंचा जाए।
घर से नकदी-जेवर और लाइसेंसी हथियार गायब
पुलिस को अब मिली परिवार से पूरी जानकारी
पहले और दूसरे दिन शोक में डूबा परिवार घर से क्या गायब है। इस विषय में सही जानकारी नहीं दे सका था। मगर अब तीसरे दिन परिवार ने पूरे घर की बारीकी से जांच के बाद यह जानकारी दी है कि उनके घर से नकदी-जेवर के अलावा लाइसेंसी पिस्टल भी गायब है। इस पूरे मामले में जांच का नेतृत्व कर रहे सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं पर पुलिस टीमें काम कर रही हैं। परिवार ने जो भी जानकारी दी है, उसके अनुसार मुकदमे में शामिल किया जा रहा है। वहीं सीसीटीवी की मदद से जो पहलू सामने आ रहे हैं। उन पर बारीकी से काम किया जा रहा है।