स्मार्ट सिटी योजना के तहत ताला व तालीम की नगरी अलीगढ़ की सूरत मुखौटा सुधार अभियान के तहत बदलने का प्लान तैयार हुआ है। इस प्लान के तहत पूरे शहर के आवास, दुकान, कांप्लेक्स की सड़क किनारे की दीवारों को एक रंग में रंगा जाएगा। पिंक सिटी जयपुर की तर्ज पर यह काम होगा। इससे पहले आगरा को 2002 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के दौरे के समय गेरूआ रंग में रंगा गया था। मंडलायुक्त गौरव दयाल की पहल पर यह प्लान तैयार हुआ है। इसके लिए शहर को 10 सेक्टरों में बांटा गया था। प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। नोडल अधिकारी जन सहभागिता से इस मुहिम को अंजाम तक पहुंचाएंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही थानाध्यक्षों को भी इस मुहिम में लोगों को साथ लेने के लिए जागरूकता संदेश फैलाने का काम सौंपा जाएगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजार व मोहल्लों में लोगों ने बेतरतीब तरीके से सामान रख रखे हैं। लोगों ने अलग-अलग तरह के बोर्ड लगा रखे हैं। बाहर से यह देखने में अच्छे नहीं लगते हैं। शहर को एकरूपता में दिखाने के लिए इस पर काम हो रहा है। नोडल अधिकारी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनेगी। इस कमेटी में संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष, पार्षद व एक अन्य व्यक्ति रहेंगे। समिति सभी लोगों को इस पहल में शामिल होने के लिए जागरूक करेगी। उन्हें इस पहल में अपने भवन, दुकानों के बाहरी क्षेत्र को बदलने के प्रेरित करेंगे।
सेंटर प्वाइंट पर बनेगा सेल्फी प्वाइंट
सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर के मुताबिक उन्होंने शहर के पांच चौराहों की चुना है। इनमें क्वार्सी, एटा चुंगी, स्टेट बैंक, सेंटर प्वाइंट आदि शामिल हैं। इन चौराहों को लोगों की सहभागिता से सुंदर बनाया जाएगा। लाइटिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही हरियाली विकसित की जाएगी। यातायात को सुगम बनाने के लिए इनको अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। वहीं, सेंटर प्वाइंट चौराहा पर पुलिस चौकी के पास एक सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। इस पर एक बड़े ताले की आकृति बनाई जाएगी। इसके साथ ही आई लव अलीगढ़ की भी एक आकृति बनाई जाएगी, जिससे युवक-युवतियां, बच्चे यहां आएं और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर डालें। इससे शहर को एक अलग ही पहचान मिलेगी।