दहन के लिए तैयार रावण का पुतला।
- फोटो : amar ujala
शुक्रवार को विजयदशमी है। शस्त्र पूजन के साथ आज शहर में जगह-जगह अभिमानी रावण के पुतले का दहन होगा। इससे पहले सांकेतिक रूप से राम-रावण के युद्ध का भी मंचन होगा। रामलीला मैदान में दहन होने वाला रावण का पुतला 40 किमी दूर डिबाई के दानपुर गांव में अशफाक ने तैयार किया है। जो बृहस्पतिवार देर रात तक रामलीला मैदान पहुंचा।
बता दें कि रामलीला मैदान में श्री रामलीला गोशाला समिति द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के तहत रावण दहन मेले का आयोजन होगा। कोरोना के चलते लगातार दूसरे साल यह मेला नुमाइश मैदान की जगह रामलीला मैदान में आयोजित हो रहा है। यहां दहन होने वाले रावण का पुतला डिबाई के दानपुर गांव निवासी अशफाक ने तैयार किया है। बृहस्पतिवार शाम तक पुतले को तैयार किया जाता रहा। इसके बाद देर रात इस पुतले को लोडर में रखकर अलीगढ़ लाया गया।
अशफाक ने बताया कि आज पुतले को खड़ा कर इसमें आतिशबाजी लगाएंगे। श्री रामलीला गोशाला समिति के संयोजक अरविंद कुमार और उपाध्यक्ष विमल अग्रवाल ने बताया कि शाम को विधि विधान से पुतले का दहन करेंगे। बुराई पर अच्छाई के प्रतीक विजयदशमी की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हैं। इसके साथ ही नगला बरौला स्थित ग्यासीराम रामलीला मैदान में 20 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
नगला भमोला में आयोजित रामलीला महोत्सव के तहत नगला भमोला पथवारी के होली चौक पर 15 फीट के रावण के पुतले का दहन होगा। इसके अलावा शहर की विभिन्न कालोनी, गली-मोहल्ले में भी रावण पुतला दहन की तैयारियां की गई हैं। ओजोन सिटी में बच्चो के सहयोग से तैयार हुए रावण के पुतले का दहन सर्किल नंबर दो पर किया जाएगा। यह रावण प्रवेश गौतम और बच्चों के सहयोग से बनाया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन रहेगा तैनात
विजयदशमी के अवसर पर शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने और सुरक्षा की व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन तैनात रहेगा। जगह-जगह आयोजित होने वाले रावण दहन के आयोजन में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सादा वर्दी में भी विभिन्न चौराहे से लेकर आयोजन स्थल तक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा बृहस्पतिवार शाम से शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया।