सतीश पूनिया ने कहा कि मैंने संकल्प लिया है कि जब तक हम 2023 में राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार को उखाड़ नहीं फेंकते हैं और पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार नहीं बनाते हैं, तब तक मैं माला और साफा नहीं पहनूंगा और रात का खाना नहीं खाऊंगा।
राजस्थान के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सपा शासन काल में यूपी को लूटकर अपना घर भर लिया। भाजपा सरकार घर-घर टोंटी लगाती है। अखिलेश यादव टोंटी चोरी का काम करते हैं। उन्होंने भाजपा के पक्ष मतदान की अपील करते हुए कहा कि 10 मार्च को जब सूरज उगेगा तो कमल खिलेगा।
विज्ञापन
गोंडा के लगसमा इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को आयोजित भाजपा के प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि यह राम की धरती है, इसलिए यहां पर आए हैं। मुलायम सिंह की सरकार में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं, जिसमें उनका एक साथी शहीद हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण का वादा पूरा किया है। कभी सोचा नहीं था कि राम मंदिर बन सकेगा। उन्होंने कहा कि मोदी और शाह की जोड़ी ने कश्मीर में शहादतों को रोक दिया है। लाल चौक पर अब भारत का झंडा लहराने लगा है।
विज्ञापन
डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि जब यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो उसने 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू कराया।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में अपराध चरम पर है, लेकिन प्रियंका गांधी वहां की कानून व्यवस्था पर नहीं बोलती हैं। उत्तर प्रदेश में पर्यटन के लिए आ जाती हैं। योगी के शासन में कानून का राज स्थापित हुआ। उनके डंडे और शासन के कारण ही यूपी में बहन बेटियां सुरक्षित हैं।
सतीश पूनिया ने कहा कि मैंने संकल्प लिया है कि जब तक हम 2023 में राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार को उखाड़ नहीं फेंकते हैं और पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार नहीं बनाते हैं, तब तक मैं माला और साफा नहीं पहनूंगा और रात का खाना नहीं खाऊंगा।