जनपद में तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई स्थानों पर दीवारें ढह गईं, पेड़ और पुलिया गिरने से आवागमन बाधित हुआ। नालियां उफान पर आने से जलभराव की स्थिति बन गई।
खैर क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर श्रीराम मंदिर के समीप करवन नदी के साइफन पर बने पुल बदहाल है। पुल के बीचों-बीच गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनसे आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक आठ ई-रिक्शा इन गड्ढों के कारण पलट चुके हैं। लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
चंडौस में गौमत रोड पर गिरा पेड़
दोपहर को चंडौस-गौमत रोड पर गांव जामनका के पास बारिश के कारण बीच रोड़ पर अचानक नीम का पेड़ गिर गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। जिसकी वजह से करीब एक घंटे तक चंडौस गौमत रोड पर बाधित रहा।
जट्टरी में बारिश से उफनाया अमृत सरोवर
अलीगढ़-पलवल मुख्य मार्ग पर स्थित तालाब का जलस्तर बढ़ गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तालाब करीब तीन-चार साल पहले सरकारी ''अमृत सरोवर'' योजना में शामिल किया गया था, जिसका बोर्ड आज भी तालाब के किनारे लगा हुआ है। तालाब के किनारे रहने वाले स्थायी निवासियों का कहना है कि तालाब का पानी काफी गंदा और बदबूदार हो चुका है। बृहस्पतिवार को चेयरमैन प्रदीप बंसल ने तालाब के आसपास के मोहल्लों की व्यवस्थाएं देखीं।
बारिश से अतरौली की गलियां बनीं दलदल
अतरौली में लगातार बारिश से विवेकानंद पुरम कॉलोनी सहित बैसपाड़ा, भानपाड़ा और सराय भोजराज में जलभराव हो गया। कच्ची गली में पानी भरने से आवागमन ठप है। बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया चालक फिसल रहे हैं। लोगों ने पालिका से जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग करते हुए जल्द समाधान न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।
बारिश से छर्रा में हुआ जलभराव
छर्रा। बारिश से कस्बे के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। मोहल्ला पठानान स्थित निजी चिकित्सालय तक पहुंचने के लिए मरीजों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर पंचायत समाधान नहीं कर सकी। उधर, हाल ही में बनी इंटरलॉकिंग पहली बारिश में ही कई जगह धंसने और उखड़ने लगी, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
नगला बबूल का मार्ग धसा, ग्रामीणों परेशान
अकराबाद के नगला बबूल मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने प्लास्टिक की बोरियों में मिट्टी भरकर निकलने के लिए रास्ता बना लिया है। ग्रामीण होरीलाल, गुरुचरण सिह, मनवीर सिंह, शीलू, राकेश, श्री कृष्ण, प्रमोद, मोहरवती देवी का कहना है कि अगर और बारिश हुई तो मार्ग पूरी तरह कट जायेगा जिससे गांव का अन्य गांवों से संपर्क टूट सकता है।
गोंडा थाना परिसर में भरा पानी, फरियादी परेशान
गोंडा। दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण बृहस्पतिवार तड़के गांव रजावल में कमरे की छत और दीवार भरभरा कर जमीन पर गिर गईं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, थाना परिसर बारिश के पानी से भर गया है। थाने आने वाले फरियादी परेशान रहे।
गांव रजावल निवासी लाले पंडित एक कमरे के मकान में रहते हैं। इत्तफाक वे कस्बा गोंडा में रहने वाले बड़े भाई के पास चले गए थे और बुधवार की रात को वहीं रुक गए। छत गिरने की सूचना पाकर गांव में पहुंचे। पंडित लाले ने बताया कि वह पुरोहित का कार्य करते हैं। कमरे में उनका रोजमर्रा का सामान रखा था। मलबे में सामान दब कर नष्ट हो गया है।