पनेहरा में बिजली घर पर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
- फोटो : samvad
क्षेत्र के गांव पनेहरा और बैमवीरपुर में पिछले 10 दिनों से ट्रांसफॉर्मर फुंके होने के कारण करीब 125 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। पनेहरा में दो ट्रांसफॉर्मर खराब होने से लगभग 100 घर अंधेरे में हैं। नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को पनेहरा बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा नेता जावेद खां ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी और अब बारिश के मौसम में लगातार बिजली संकट से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीण मुकीत खां, सादिक खां, रिंकू शर्मा, विनोद कुमार सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। उधर, बैमवीरपुर में भी 10 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब होने से करीब 25 घर बिजली से वंचित हैं। जेई रवेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन शुक्रवार तक दोनों गांवों के ट्रांसफॉर्मर बदलकर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।