जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने बुधवार को गोशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गोशालाओं में मौजूद गायों की संख्या के हिसाब से चारे-पानी की व्यवस्था व ठंड से बचाव के इंतजाम देखे। कहा कि शीत लहर में गोवंश को सुरक्षित रखने के समुचित उपाय किए जाएं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सकों का रोस्टर तैयार कर गोवंश की देखभाल का आदेश दिया।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने सबसे पहले नगर निगम से संचालित बरौला जफराबाद बाईपास स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। वहां 227 गोवंश पाए गए। हरे चारे, भूसा, पानी, चोकर व दाना की समुचित व्यवस्था मिली। खेरेश्वर गोशाला वाजिदपुर नादा विकासखंड लोधा में 340 गोवंश दर्ज मिले। शीतलहर एवं ठंड से बचाव का इंतजाम मिला। डीएम ने कहा कि चक्रानुक्रम में प्रत्येक गो संरक्षण केंद्र में पशु चिकित्सक गोवंश के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। गोवंश की ईयर टैगिंग एवं टीकाकरण का भी निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों एवं गोसेवा केंद्र संचालकों को निर्देशित किया कि गोवंश को ठंड से बचाने का समुचित इंतजाम सुनिश्चित करें। उप जिलाधिकारी कोल संजीव ओझा, डिप्टी सीईओ रमेश चंद्र उनके साथ मौजूद रहे।