डेंगू से पेट में पल रहे बच्चे सहित शिक्षिका की मौत हो गई। वहीं, लोधा थाना क्षेत्र के रायट गांव में महिला की डेंगू से मौत हो गई है। जबकि नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप लगाकर मरीजों को चिन्हित कर दवा बांटी जा रही है लेकि न बुखार के मरीज घटने का नाम नहीं ले रहे हैं। सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ लगी हुई है।
रजपुरा गांव के स्कूल में तैनात अनुपमा (28) पत्नी राजेश उपाध्याय की सोमवार रात्रि में दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। अनुपमा गर्भवती थीं और इसी महीने प्रसव होने वाला था। वह तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन के अध्यक्ष नेकराम शर्मा की बहू थीं। रविवार शाम को बुखार होने पर उनको शहर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। परिजन सोमवार को दिल्ली के अस्पताल में उपचार के लिए ले गए, जहां रात्रि में मृत्यु हो गई। वहीं, रायट गांव निवासी चांदतारा बेगम पत्नी लाल मोहम्मद का निजी अस्पताल में डेंगू का उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार को महिला की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डेंगू से मृत्यु पर अनभिज्ञता जता रहे हैं। बृहस्पतिवार को लैब की रिपोर्ट में 9 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। डेंगू की चपेट में आए लोग चंदनिया, क्वार्सी, बहादुरपुर, अतरौली, गभाना, चूहरपुर और इंद्रानगर आदि के हैं।
बुखार के मरीजों की लगी है भीड़
सरकारी एवं निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ लगी है। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के ओपीडी में बृहस्पतिवार को 1044 लोग उपचार के लिए पहुंचे, जिसमें 175 बुखार से पीड़ित थे। वार्ड में बुखार के 168 लोग भर्ती हैं, जिसमें 108 बुखार के रोगी हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के
नेतृत्व में बुखार प्रभावित गांव सेहोर, बरौली, सरौल, लक्ष्मणगढ़ी, दतावली व नगरीय क्षेत्र इंद्रानगर, क्वार्सी में कैंप लगाकर 118 लोगों को दवाएं दी गई। 149 घरों के सर्वे में बुखार के 31 मरीज मिले।