सेंटर प्वाइंट पर जैन मंदिर के निकट सड़क पर करीब नौ इंच गहरा और तीन वर्ग फुट का गड्ढा किसी दिन बड़ी दुर्घटना का सबब बन सकता है। यहां अक्सर बाइक-स्कूटर सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, अचानक ब्रेक मारने से भी वाहन आपस में टकरा जाते हैं। इसको लेकर सेंटर प्वाइंट मार्केट के व्यापारियों में नाराजगी है।
रविवार शाम को व्यवसायी धीरेंद्र गुप्ता मैरिस रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान से घर लौट रहे थे। जैन मंदिर के पास इस गड्ढे में अचानक उनका स्कूटर घुस गया। जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। उनको गंभीर चोट नहीं लगी। वह कहते हैं कि बीच सड़क पर इस गड्ढे की वजह से अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं और लोग चोटिल होते हैं। दरअसल, मेन होल का ढक्कन सड़क की सतह से काफी नीचे हो गया है। ऐसे में वाहन उसमें घुस जाते जाते हैं। यह स्थिति सिर्फ सेंटर प्वाइंट ही नहीं, बल्कि रामघाट रोड पर एचडीएफसी बैंक शाखा से लेकर जनकपुरी मोड़ तक चार गड्ढे हैं। जीटी रोड, आगरा रोड से लेकर अन्य प्रमुख मार्गों पर भी गड्ढों में गिरकर लोग जख्मी होते हैं।
अक्तूबर में चला था अभियान
प्रदेश सरकार ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए थे। नगर निगम, पीडब्लूडी एवं अन्य विभागों द्वारा अक्तूबर में शहर को गड्ढा मुक्त करने के लिए अभियान चलाया गया था। दावा भी किया गया था कि नगर गड्ढा मुक्त हो गया है।
--
सेंटर प्वाइंट पर जैन मंदिर के निकट गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गया था। यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। सड़क का भी बुरा हाल है। किसी दिन बड़े हादसे की आशंका है।
- धीरेंद्र गुप्ता, व्यवसायी, मैरिस रोड
--
जैन मंदिर के पास करीब एक महीने से समस्या है। नगर निगम से शिकायत भी की थी। कोई कार्रवाई नहीं हुई। सेंटर प्वाइंट पर फुटपाथ पर एक मेन होल का ढक्कन चोरी हो गया है।
- दीपक गर्ग, व्यापारी नेता, सेंटर प्वाइंट
--
सेंटर प्वाइंट का बुरा हाल है। कई जगह सड़कों पर गड्ढे हैं। सेंटर प्वाइंट से घंटा घर, स्टेशन रोड एवं मैरिस रोड की ओर जाने वाले रास्ते बेहद खराब हो गए हैं। लोग चोटिल हो रहे हैं।
- विवेक बगाई, व्यापारी नेता, सेंटर प्वाइंट
---
जल्द ही गड्ढों को ठीक किया जाएगा। सेंटर प्वाइंट पर जैन मंदिर के पास स्थित मेन होल प्वाइंट को वहां से हटवाना है। एचडीएफसी बैंक एवं पराग डेयरी आदि के समीप बने गड्ढों को भी जल्द ठीक कराया जाएगा।
- अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त