कोतवाली क्षेत्र के गांव के वाजीदपुर में पिछले माह हुई युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे युवती के पिता द्वारा शादी से इंकार करने का मामला निकलकर आया है। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव वाजीदपुर निवासी युवती सर्वेश कुमार पुत्री चंद्रपाल सिंह का संजय पुत्र साहब सिंह निवासी ढक नगला कोतवाली नरौरा जनपद बुलंदशहर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अक्सर संजय वाजीदपुर आकर युवती से मिलता था। संजय ने युवती के पिता चंद्रपाल सिंह के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे चंद्रपाल ने नहीं माना और सर्वेश की शादी दूसरी जगह तय कर दी।
इससे संजय बौखला गया और शादी से दो दिन पूर्व शाम के वक्त वह उस समय सर्वेश से मिलने पहुंचा, जब घर में केवल महिलाएं ही मौजूद थीं। वह अक्सर घर में आता-जाता रहता था, इसलिए किसी ने कुछ नहीं पूछा। कमरे में बंद कर संजय ने उसकी चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
इधर, घरवालों ने कोतवाली में युवती की आत्महत्या की तहरीर दे दी और मामले दबाना चाहा। पोल उस समय खुल गई, जबकि पीएम रिपोर्ट में हत्या का कारण गला दबाना आया। इसके बाद पुलिस ने मामला हत्या में तरमीम कर विवेचना शुरू कर दी। कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया। इसके बाद आरोपी की पुलिस ने तलाश की तो जानकारी में आया कि वह ट्रेन से भागने की फिराक में है। पुलिस ने गुरुवार की रात को रेलवे स्टेशन से संजय को पकड़कर जेल भेज दिया गया।