पौधरोपण करते नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल, सहायक नगर आयुक्त राज बहादुर सिंह।
- फोटो : CITY OFFICE
असदपुर कायम में नगर निगम द्वारा 10 हजार पौधे रोपे गए हैं। इसे सिटी फारेस्ट के रूप में डेवलप करने की योजना है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों का आह्वान किया है कि वह आए और असदपुर कयाम तथा तालानगरी में डेवलप हो रहे सिटी फारेस्ट में अपने नाम का पौधा लगाए।
बुधवार को नगर निगम द्वारा क्वार्सी चौराहे से आगे सिंचाई विभाग की नहर के सहारे स्थित असदपुर कयाम में पौधारोपण किया गया। निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने नाम के पौधे लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प लिया। नगर आयुक्त ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में रिहायशी एरिया बढ़ने से बंदर के रहने, खाने को दृष्टिगत सिटी फारेस्ट बेहद उपयोगी है। प्रथम चरण में तालानगरी एवं असदपुर कयाम में सिटी फारेस्ट को पिकनिक प्वाइंट के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
इससे शहरवासियों को शुद्ध हवा व पर्यावरण के साथ ही बंदरों को सिटी फॉरेस्ट में रहने व खाने की सहूलियत मिलेगी। वन्य प्राणी को ध्यान में रखते हुए सिटी फारेस्ट में अमरूद, आम, कैथा, जामुन, शहतूत, अनार, पीपल, गलोई, बेल, आंवला, पपीता आदि के पौधे लगाए जा रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. शिव कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय, अजीत राय आदि उपस्थित थे।