गिरफ्तार पिता-पुत्र को ले जाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : CITY OFFICE
फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले बाप-बेटे, जिनको पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया, उनकी पहली रात जेल में करवटें बदलते हुए कटी। जेल में बाप बेटे ने इंग्लिश टॉयलेट की मांग कर डाली। इसको लेकर जेल प्रशासन ने दोनों को जमकर फटकारा। यही नहीं सुबह होने पर उन्होंने अपने लिए ब्लैक टी की मांग कर डाली। इस पर भी उन्हें अन्य बंदियों के बीच उपहास का पात्र बनना पड़ा। फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों का पैसा ठगने वाले और लड़कियों से शादी करके उनकी जिंदगी बर्बाद करने वाले अनुज चावला और उसके पिता राजेंद्र चावला को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद इनको जेल भेजा गया।
बताया गया है कि कभी आलीशान होटलों में ठहरने वाले और लग्जरी गाड़ियों में चलने वाले बाप-बेटे जेल की सख्त हवा से पहले दिन ही टूट गए। पूरी रात दोनों बाप बेटे करवटें बदलते रहे। जेल की सख्त जमीन उन्होंने पहली बार महसूस की थी। इसके अलावा जेल में जब अन्य बंदियों को मालूम हुआ कि यह फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर ठगने के जुर्म में जेल में आए हैं, तो वह भी अनुज चावला और राजेंद्र चावला पर कटाक्ष करने लगे। कुछ बंदियों ने कहा आइए डीआईजी साहब हमारा सेलूट नहीं लेंगे क्या।
रात होते-होते जब सोने का समय आया तो दोनों बाप बेटे करवटें बदलते रहे। सुबह इन लोगों ने एक और हरकत कर डाली। इन्होंने जेल प्रशासन से कहा कि इन्हें इंग्लिश टॉयलेट चाहिए। जब कि जेल में बंदियों के लिए सामान्य शौचालय उपलब्ध हैं। इस पर भी बंदियों ने बहुत कटाक्ष किया। कुछ बंदी बोले अब आप अपनी कोठी में नहीं सरकारी महल में हैं। यहां के तौर तरीके अलग हैं। इस तरह नटवरलाल ठग बाप-बेटे की जोड़ी पहली बार जेल की कठोर हकीकत से रूबरू हुई है। यही नहीं कई सालों तक लोगों पर और अधिकारियों पर रौब झाड़ने वाले इन लोगों के चेहरे पर पहली बार शिकन देखी गई।