निरात्रित गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी फंस गए हैं। कमिश्नर ने अग्रिम आदेशों तक उनका वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। मंडलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अफसरों को 31 दिसंबर तक विभागीय लक्ष्य पूर्ण करने के आदेश दिए हैं। ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर भ्रामक आंकड़े डालने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने अफसर व कर्मचारियों को आंकड़ों की बाजीगरी से बाज आने की हिदायत दी है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा सामान्य निर्वाचन होना है। सभी अधिकारी 31 दिसंबर तक विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति करना सुनिश्चित करें। वसूली एवं प्रवर्तन कार्य में कमी न आने दी जाए। श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। स्वरोजगार योजना में स्वीकृत आवेदन पत्रों पर ऋण वितरण किया जाना सुनिश्चित किया जाए। ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर सेवाओं की स्थिति में त्रुटि पूर्ण आंकड़े प्रस्तुत करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने कहा कि अधिकारी कर्मचारी आंकड़ों की बाजीगरी करने से बाज आएं। विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के सौंदर्यीकरण के कार्य में ऑपरेशन कायाकल्प का प्रयोग किया जाए। मत्स्य पालन एवं तालाबों के आवंटन की समीक्षा में पता चला कि 3106 जल क्षेत्र के सापेक्ष 1707 का आवंटन किया गया। यह भी बताया गया कि दिसंबर तक 86 पट्टों की अवधि समाप्त हो रही है। इन पट्टों को पुन: आवंटित करने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने कोविड19 की सामान्य स्थिति को देखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में सिजेरियन प्रसव शुरू कराने के निर्देश दिए। निराश्रित गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. चंद्रवीर सिंह का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने बैठक के अंत में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और शिथिल कार्य करने वाले अधिकारियों को दंडित किए जाने को कहा। इस मौके पर जिलाधिकारी अलीगढ़ सेल्वा कुमारी जे, जिला अधिकारी हाथरस रमेश रंजन, जिला अधिकारी एटा अंकित अग्रवाल एवं जिला अधिकारी कासगंज सीपी सिंह समेत अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।