राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार गोमती मनोचा 21 दिसम्बर को अलीगढ़ आ रही हैं। वह आकांक्षी ब्लॉक गंगीरी के रघुनन्दन इंटर कॉलेज, छर्रा में बच्चों की समस्याओं और विभागों में सरकार द्वारा चल रही योजनाओं की शिकायतों को सुनेंगी। सीडीओ आकांक्षा राना की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत बैठक आयोजित हुई।
सीडीओ आकांक्षा राना ने बताया कि गोमती मनोचा दिल्ली उच्च न्यायालय में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। वह राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार भी हैं। वह 21 दिसमबर को अपरान्ह 1.30 बजे आकांक्षी ब्लॉक गंगीरी के रघुनन्दन इंटर कॉलेज छर्रा में शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू श्रम, स्वास्थ्य सम्बन्धित, आधार कार्ड, बैंक खाता, शारीरिक शोषण, परित्याग, पुलिस द्वारा प्रताड़ित, विद्यालयों से सम्बन्धित समस्याएं, दिव्यांगता, बाल श्रम, अवैध गोद लेना, बच्चों की बिक्री, भिक्षावृत्ति एवं बच्चों से सम्बन्धित अन्य विभागों में सरकार द्वारा चल रही योजनाओं की शिकायतों को सुनेंगी। रजिस्ट्रार एनसीपीसीआर के भ्रमण कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए हैं।
लगेंगे कैम्प
नोडल अधिकारी एडीएम वित्त मीनू राणा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आ रहे प्रतिनिधि मण्डल में स्वास्थ्य सलाहकार सुशील कुमार एवं एलआरसी सपना यादव भी रहेंगी। बच्चों के अधिकार व समस्याओं से जुड़ी कोई भी शिकायत या सुझाव 21 दिसमबर को बैठक में समिति को दे सकते हैं। वहां पर कैम्प में पंजीकरण डेस्क, हैल्थ परीक्षण, आधार कार्ड, बैंकिंग सुविधा, राज्य योजनाएं, सीडब्लूसी, विधिक सहायता शिविर के साथ ही दिव्यांगजनों को व्हील चेयर, ट्राइसाइकिल एवं अन्य उपकरण वितरण के साथ ही कृषि से जुड़े उत्पादों का भी वितरण किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में उप श्रम आयुक्त सियाराम, पीडी डीआरडीए भाल चन्द्र त्रिपाठी, डीएसओ अभिनव, एडीआईओएस मनोरमा ठाकुर, बीएसए राकेश सिंह, डीपीओ श्रेयश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रजनीश कुमार पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन अधिकारी रोहित कुमार, जिला प्रोवेशन अधिकारी स्मिता सिंह, एलडीएम सुरेश राम, बीडीओ गंगीरी स्मृति अवस्थी, हितेश कुमारी, सिमा अब्बास, नीतू सारस्वत आदि मौजूद थे।