फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्माणाधीन मकान में सो रहे शिक्षक की हत्या

विज्ञापन
राजवीर शर्मा का फाइल फोटो
विज्ञापन
कासिमपुर रोड स्थित बाबा कॉलोनी में अपने निर्माणाधीन मकान में सो रहे 50 वर्षीय शिक्षक की शनिवार की रात हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह दूध वाले के पहुंचने पर इस वारदात की जानकारी लोगों को हो सकी। सूचना पर परिवार और पुलिस पहुंच गई। फोरेंसिक एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड भी बुला लिया गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
विज्ञापन

छोटी जवां गांव निवासी 50 वर्षीय राजवीर शर्मा पुत्र रामचंद शर्मा कस्तली पला गांव स्थित वित्तीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में अध्यापक थे। मौजूदा समय में वह क्वार्सी थाना क्षेत्र के गोकुलेशपुरम कॉलोनी में परिवार समेत रह रहे थे। बड़े बेटे दिव्यांक शर्मा के अनुसार, हरदुआगंज में कासिमपुर रोड पर कई माह पहले दुकान और पीछे मकान बनाने का काम उनके पिता ने शुरू कराया था।
फिलहाल निर्माण बंद था। मकान निर्माण की सामग्री चोरी होने के डर से करीब एक माह से उनके पिता निर्माणाधीन मकान में ही रात में रुक जाते थे। शनिवार की रात भी वहीं रुके थे। सुबह दूध देने वाले ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजे को धक्का दिया तो दरवाजा खुला था।
विज्ञापन

अंदर कमरे में जमीन पर शव पड़ा था। शरीर पर नेकर और बनियान थी। सिर और गले पर कुछ जख्म थे। कमरे में शराब की बोतल, चार गिलास, सिगरेट और गुटके के पाउच पड़े थे। हालांकि परिवार वाले उनके शराब पीने से मना कर रहे थे। सीओ अतरौली ने भी पहुंचकर परिवार वालों से जानकारी ली। मृतक की पत्नी व दोनों बेटों का रोकर बुरा हाल था।
खास परिचित होंगे हत्यारे
घटनास्थल देखकर पुलिस और परिवार वाले आशंका जता रहे हैं कि हत्यारे शिक्षक के खास परिचित रहे होंगे। दिव्यांक शर्मा के अनुसार उनके पिता शराब नहीं पीते थे। ऐसे में उनके पास जाकर शराब पीने वाले उनके खास ही रहे होंगे। इसी वजह से उन्होंने रात में आसानी से दरवाजा खोल दिया।
लूट दिखाने की भी कोशिश
लूट के लिए हत्या दिखाने की खातिर हत्यारे शिक्षक के गले पर पड़ी सोने की चेन और सोने की दो अंगूठी भी ले गए। दिव्यांक शर्मा के अनुसार यदि लूट के लिए हत्या होती तो लुटेरे वहां खड़ी बाइक, लोहे की सरिया और अन्य कीमती सामान भी ले जा सकते थे। पुलिस भी यही मान रही है कि हत्या की वजह लूट नहीं बल्कि कुछ और है।
कॉल डिटेल के जरिए हत्यारे की तलाश
कमरे से शिक्षक का मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है। मोबाइल की कॉल डिटेल पूरी तरह से डिलीट की गई है। पुलिस को अंदेशा है कि मृतक के मोबाइल में जरूर कुछ ऐसा रहा होगा जो हत्यारों के गले की फांस बन सकता था। इसी वजह से कॉल डिटेल को डिलीट किया गया है। पुलिस ने मोबाइल की सीडीआर निकलवाने के साथ ही समीप के मोबाइल टावर का बीटीएस भी उठवा लिया है। थाना पुलिस जल्द ही हत्या के खुलासे की बात कह रही है।
गला दबाकर की गई शिक्षक की हत्या
पोस्टमार्टम के बाद शिक्षक का शव परिवार को सौंप दिया गया। यहां पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। कहा गया है कि किसी कपड़े से उसका गला घोंटा गया है। इस दौरान विरोध या धक्का मुक्की में शिक्षक के हल्की फुल्की खरोंच आई हैं।
- शिक्षक की हत्या में सर्विलांस की मदद व परिवार से प्रारंभिक पूछताछ के बाद कुछ संदिग्ध प्रकाश में आए हैं, जिन्हें एक-एक कर पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। चूंकि, अभी परिवार शव के अंतिम संस्कार आदि में जुटा था। इसलिए ज्यादा बात नहीं हो पाई है। एक-दो दिन में घटना के कारणों और आरोपियों की तस्वीर साफ करने का प्रयास किया जा रहा है। - शुभम पटेल, एसपी देहात

शक्षक की हत्या के बाद मौके पर से बरामद शराब की बोतल पर फ्रंगर प्रंट लेता एक्सपर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें