विधान परिषद (एमएलसी) के स्थानीय निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी हो गई। हालांकि पहले दिन कोई नामांकन नहीं हो सका। चुनाव आयोग ने अलीगढ़-हाथरस समेत प्रदेश की 36 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि पहले दिन कोई भी प्रत्याशी नामांकन कराने नहीं पहुंचा। 11 फरवरी तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच व 16 फरवरी को नाम वापसी होगी। तीन मार्च सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
12 मार्च को मतगणना होगी। चुनाव में कुल 3533 मतदाता मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि अलीगढ़- हाथरस में 28 बूथों पर मतदान होगा। उन्होंने बताया कि दोनों जिलों के ब्लॉक, नगर पालिका व नगर पंचायत कार्यालयों पर बनाए गए बूथों पर मतदाता मतदान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव में सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पार्षद, सभासद व ग्राम प्रधान मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।