ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अलीगढ़ मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ को बिजली आपूर्ति की दृष्टि से स्मार्ट बनाएं।
ऊर्जामंत्री ने कहा कि जर्जर तार व क्षमता वृद्धि से जुड़े प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई करें। ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने के लिए प्रस्तावों की मॉनिटरिंग एमडी स्वयं करें। आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वितरण क्षेत्र में सुधार के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर शुरू की गई रिवैंप डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के लिए प्रस्ताव भी मांगे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नई योजना के तहत नए 33/11 केवी उपकेंद्रों का निर्माण, ओवरलोड 33/11 केवी उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, एलटी लाइनों पर एबी केबलिंग का कार्य होना है। इसके अतिरिक्त 33 केवी व 11 केवी के फीडरों का विभक्तिकरण, नए 11 केवी फीडरों का निर्माण, ओवर लोड ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, ओवरलोडिंग समाप्त करने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य शुरू किए जाने हैं। योजना पूरी होने के बाद विद्युत आपूर्ति संबंधी बहुत सी समस्याओं का स्थायी निराकरण हो जाएगा।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि किसानों के ट्यूबवेल के आवेदन पर पूरा सामान एक साथ दिया जाए। किसानों से फिक्स चार्ज के आधार पर ही बिल लिया जाए। मीटर केवल ऊर्जा की खपत मापने के लिए हैं, इसका बिल से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि 1912 की शिकायतों और टेलीफोन पर आने वाली शिकायतों को तेजी से निस्तारित करें। जनप्रतिनिधियों के सुझावों व समस्याओं का एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा में विधायक अनिल पाराशर, संजीव राजा, रवेंद्रपाल सिंह, दलवीर सिंह, राजकुमार सहयोगी, अनूप प्रधान के अतिरिक्त बिजली विभाग के अधिकारी शामिल हुए।