पूर्व मुख्यमंत्री ने मुद्दे उछालते हुए सबसे पहले किसानों का जिक्र किया। कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को कितनी परेशानी आई है। जब से यह सरकार आई है, किसान संकट में है। शायद आजादी के बाद किसानों के सामने इतनी मुसीबतें कभी नहीं आई। जब कोरोना था, तब सब कुछ बंद था। मगर खेतों पर किसान और उसका बेटा अन्न पैदा कर रहा था। हमारे पेट भरने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था बचाई। इसके बाद भाजपा वाले धोखे से काले कानून लाए। देश के किसान दिल्ली जाकर सरकार के खिलाफ खड़े हो गए। इन्होंने कीलें लगवाईं, पुलिस लगवा दी, दीवारें खड़ीं कीं, ट्रैक्टर को डीजल नहीं भरने दिया। मगर किसानों ने परवाह नहीं की। दिल्ली जाकर खड़े रहे। हजारों शहीद हो गए। तभी लौटे, जब तीनों काले कानून वापस ले लिए गए। भाजपा सरकार में न किसानों की आय दोगुनी हुई, न उन्हें कुछ मिला। गेहूं की न लागत मिल रही और न लाभ। ये दिल्ली व लखनऊ वाले लंबे-लंबे भाषण दे रहे हैं। मगर आंकड़ा बताता है कि दस साल में गरीबी के कारण कई लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली। इसका क्या जवाब है..? सरकार के पास।
इसी तरह नौ जवानों ने मेहनत, पढ़ाई व कोचिंग के बाद सरकार नौकरी के लिए परीक्षा दी। मगर पेपर लीक हो गया। यूपी में अभी तक जितनी परीक्षा हुईं। सभी के पेपर लीक हुए। पुलिस भरती में भी सरकार ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के इंतजाम कर लिए गए हैं। कोई पेपर लीक नहीं होगा। मगर नौजवान जब परीक्षा देकर लौटा तो पेपर लीक हो गया। सरकार घबरा गई कि अगर लाखों लोगों को सौ में से सौ नंबर मिल गए तो कैसे नौकरी देंगे। इस घबराहट के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई। इस तरह आपका एक तिहाई जीवन इस सरकार ने बर्बाद किया है। जीवन से खिलवाड़ का काम ये सरकार कर रही है। इनकी नीयत नहीं है नौकरी देने की। अगर नीयत नौकरी देने की होती तो अग्निपथ योजना लागू न करते। ये आधी अधूरी नौकरी है, पक्की नौकरी नहीं है। हमारा नौजवान पक्की नौकरी चाहता है। देश सेवा करना चाहता है। पक्की नौकरी करना चाहते हैं। वर्दी पहनकर सम्मान के साथ जीना चाहते हैं। मगर सरकार अग्निपथ योजना लाकर भविष्य छीनने का काम कर रही है। इंडी गठबंधन व सपा की सरकार बनेगी तो पक्की नौकरी देने का काम हमारी सरकार करेगी। किसानों व नौजवानों ने ठान लिया है तो ये सरकार नहीं बच पाएगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुद्दे उछाल कर भाजपा पर प्रहार किया और अपनी सरकार के काम गिनाए। हमने सात वर्ष पहले लैपटॉप दिए, जिस पर पीएम व बिल गेट्स चर्चा कर रहे हैं। अमेरिका में अब लैपटॉप बांटे जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने सपा सरकार में हरदुआगंज में लगे 600 मेगावाट के पावर हाउस का जिक्र किया। उम्मीद थी कि भाजपा वाले आए तो हमें धन्यवाद देंगे। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया। मगर खुशी है कि इस कारखाने से यूपी को बिजली मिल रही है और युवाओं को नौकरी भी मिली।
पूर्व सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली पर सबसे ज्यादा काम किया, इन्होंने बिजली महंगी कर दी। उन्होंने पूछा कि इनके नेता कहते थे कि फ्री में बिजली देंगे, क्या मिल रही है। हमने 300 यूनिट फ्री देने का ऐलान किया। हमने गरीबों के लिए एंबुलेंस चलाई। मगर उसकी व्यवस्था खराब कर दी। सौ नंबर पुलिस के लिए वाहन दिए। अब उसी सौ नंबर को 112 नंबर कर दिया। इससे पुलिस वाले भाइयों का भी रेट बढ़ गया। भाजपा सरकार जिस तरह से अग्निपथ योजना लाई, उसी तरह सरकार दोबारा आई तो पुलिस में आउटसोर्स व्यवस्था लागू कर देगी। सपा अध्यक्ष ने नोटबंदी पर कहा कि तमाम व्यापारी नोटबंदी व जीएसटी से परेशान हैं।ओडीओपी में कोई बताए कि अलीगढ़ वालों को कोई लाभ मिला या कोई नया बड़ा कारखाना लगा। महंगाई चरम पर है।
सरकार में आने पर वादे
सपा अध्यक्ष ने ऐलान किया सपा-इंडिया गठबंधन के सरकार में आने पर राशन में संपन्न लोगों की तरह पौष्टिक आटा व डाटा भी फ्री दिया जाएगा। गंगा जमुनी तहजीब की हमारी संस्कृति है। इसकी पहचान इल्म और तालीम से भी है। यहां पढ़ाई पर भी काम करेंगे। जैसे शिक्षा मित्रों की मदद की।पूर्व विधायक जफर आलम के नाम का जिक्र करते हुए बताया कि जैसे उनके कहने पर हम करके देते थे। वैसे ही आगे करेंगे। अलीगढ़ से संदेश जा रहा है। पहली बार साइकिल से सांसद दिल्ली पहुंचने वाला है। उन्होंने वोटर पर्ची का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पार्षद जिम्मेदारी से काम करें, हम उनका सम्मान करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में एएमयू सहित पढ़ाई को लेकर सरकारी विवि बनाने, हायर एजुकेशन जो भी फैसले लेने होंगे लेंगे।