सपा अध्यक्ष ने इलेक्ट्रोरल बांड का मुद्दा उछालते हुए कहा कि इनका बैंड बजा दिया है। बोलती बंद कर दी है। कोई एक हजार करोड़ रुपये का चंदा देगा, खुद कल्पना करिये। सोचिए कैसे लिया होगा चंदा। न जाने कितना लिया होगा चंदा। किसी से एक हजार करोड़, किसी से छह सौ और किसी से चार सौ करोड़ रुपये दिए। इन्होंने उद्यमियों को भगवा कर दिया। उद्यमियों का पंद्रह लाख करोड़ का कर्जा भी माफ कर दिया। मगर किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।
सरकार बनी तो एमएसपी और कर्ज माफ करने का वादा किया
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा-इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। आप लोग सरकार बनवाने जा रहे हैं और हम किसानों को एमएसपी कानून लाकर देंगे और कर्जा भी माफ करेंगे।
जनता मांग रही हिसाब, सांसद जी हाजिर हों
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी बात की शुरुआत करते हुए कहा कि गरमी बहुत है। हमारा पंडाल भी कमजोर है। मगर आपका जोश उत्साह दिखाई दे रहा है। दस साल कोई छोटा मोटा समय नहीं होता है। दस साल बहुत लंबा समय होता है। जिन्हें मौका दिया गया, जीत करके गए, दिल्ली में भी सरकार, यूपी में भी सरकार और जनता की तरफ से आवाज आ रही है कि सांसद जी हाजिर हों, दस साल का हिसाब किताब दें।
मंच पर पूर्व सांसद व प्रत्याशी चौ.बिजेंद्र सिंह, हाथरस प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि, पूर्व विधायक जफर आलम, वीरेश यादव, ठा.राकेश सिंह, अज्जू इशहाक, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, मनोज यादव, सुमंत किशोर सिंह, गुंजन चौधरी, अमर सिंह यादव, गिरीश यादव, अशोक यादव, रंजीत चौधरी, काशिफ आब्दी, डीआर यादव, अजय चौधरी, आमिर आबिद, इसरार सोलंकी, बादशाह खान, विनोद सविता, जस्सू शेरवानी आदि लोग मौजूद रहे।
जिस मैदान पर सपा की सभा हुई। उस पर सोमवार को पीएम मोदी का हेलीपैड बना था। इसके चलते शाम पांच बजे के बाद मैदान व मंच सपा को मिला। आयोजन होने तक मंच के सामने पंडाल बनाया जाता रहा। माइक से खुद प्रत्याशी व संचालक बार बार पंडाल बनाने वालों से जल्दी का अनुरोध करते रहे।
जब बिजेंद्र-अज्जू ने लगाए ठुमके
सपा अध्यक्ष की जनसभा में उनके आगमन के इंतजार में सपा के गायक कलाकारों के गीतों पर प्रत्याशी बिजेंद्र व पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक ठुमके लगाने लगे। हुआ यूं कि सपा अध्यक्ष का इंतजार हो रहा था। मंच पर भाषणबाजी के बीच में पार्टी के गायक कलाकार गीत सुना रहे थे। इसी दौरान बिजेंद्र मंच पर ठुमके लगाने लगे तो उनके साथ अज्जू इशहाक भी झूम उठे। हालांकि यह चंद पल ही हुआ। मगर इसकी खूब चर्चाएं होती रहीं।