अलीगढ़ जहरीली शराब कांड में पुलिस की कार्रवाई के क्रम में शराब माफिया अनिल चौधरी पर शुक्रवार को बड़ा चाबुक चला है। पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत अनिल चौधरी की 51 करोड़ 82 लाख 79 हजार 160 रुपये की संपत्तियों को जब्त व बैंक खातों को सीज कर दिया है।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद पुलिस टीमों ने अनिल चौधरी की शहरी क्षेत्र की उन 16 संपत्तियों पर सरकारी संपत्ति होने का बोर्ड लगा दिया, जिन्हें अवैध शराब कारोबार से धन कमाकर अर्जित करना माना गया है। इसी तरह उन आठ बैंक खातों को सीज किया गया है। इस कार्रवाई की खबर से अनिल चौधरी के करीबियों में दहशत है।
बता दें कि इससे पहले अनिल की पैतृक गांव क्षेत्र की 5.30 करोड़ की संपत्तियों को जब्त किया गया था। शासन के निर्देश पर जिले के इस बहुचर्चित कांड में पहले ही दिन से 100 करोड़ से अधिक की उन संपत्तियों को जब्त करने का लक्ष्य तय किया गया था, जो इस कांड के आरोपियों ने अवैध कारोबार से अर्जित की हैं। इन संपत्तियों को चिह्नित कर जब्तीकरण का अभियान जारी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को खैर, गोंडा, लोधा पुलिस ने सीओ इगलास के नेतृत्व में यह अभियान चलाया और अनिल द्वारा देहली गेट-रोरावर बॉर्डर पर गोंडा रोड पर पिछले कुछ सालों में खरीदी गई जमीनों पर बोर्ड लगाए। यहां मुनादी कर बताया गया कि खैर में दर्ज गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में जब्तीकरण के चलते ये संपत्तियां अब सरकारी हो गई हैं। इसका किसी भी तरह का प्रयोग अवैध होगा। इन संपत्तियों का प्रशासक इंस्पेक्टर खैर को नियुक्त किया गया है।
तीन सप्ताह में 66 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त
सबसे पहले अनिल चौधरी की संपत्ति जब्त की गई थी। उसके बाद विपिन यादव, नीरज चौधरी, मुनीष शर्मा, ऋषि शर्मा, विक्रम सिंह और अब अनिल चौधरी की सपंत्तियों को जब्त किया गया है। अब तक तीन सप्ताह में कुल 66 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। अभी और भी नाम हैं, जिनकी संपत्तियों को जब्त किया जाना है।
जिले में पिछले करीब दो दशक से शराब सिंडिकेट चला रहे घोषित शराब माफिया ने अवैध शराब कारोबार से सौ करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्तियां अर्जित की हैं। इन सभी संपत्तियों को गैंगेस्टर एक्ट के तहत जब्त किया जा रहा है। इसी क्रम में दूसरी बार में गोंडा के अनिल चौधरी की संपत्ति खैर के गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में जब्त की गई है। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी