चालक परिचालकों को गिफ्ट देते संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) फरीदउद्दीन।
- फोटो : CITY OFFICE
सड़क सुरक्षा सप्ताह के पांचवें दिन सोमवार को बुद्ध विहार, रोडवेज वर्कशॉप में ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग एवं परिवहन निगम के अधिकारियों ने जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में चालकों, परिचालकों एवं यात्रियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
नेत्र परीक्षण शिविर में डॉ. पीपी सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जवां एवं डॉ. अनिल सक्सेना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गभाना ने चालकों एवं परिचालकों के नेत्र परीक्षण किए। सड़क सुरक्षा एवं सामान्य ज्ञान की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रथम पुरस्कार सोनवीर सिंह (परिचालक), बुद्ध विहार डिपो, द्वितीय पुरस्कार कृष्णकांत पचौरी (परिचालक) बुद्ध विहार डिपो, तृतीय पुरस्कार सतीशचंद्र (चालक) अलीगढ़ डिपो रहे। इन विजेताओं को पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश चंद्र ने पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने चालक और परिचालकों को जागरूक करते हुए कहा कि वर्षा ऋ तु के कारण वाहन को चलाते समय विशेष सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन ने बताया कि कोरोना का प्रकोप अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ-साथ कोरोना से बचाव के नियम का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है।
आरएम मो. परवेज खान ने बताया कि परिवहन निगम का पहला उद्देश्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाना है। एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि यातायात नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए। इसके बाद शहर में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की गई।