हरियाणा के जाट आंदोलन की आंच अपने जिले तक पहुंचने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। पुलिस में अग्रिम आदेश तक छुट्टियां बंद कर दी गई हैं और जो लोग छुट्टी पर हैं, उन्हें तत्काल वापस बुलाया जा रहा है।
रविवार को टप्पल व इगलास में चार ठिकानों पर जाटों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किए। यह रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। उधर, आंदोलन के चलते कुछ ट्रेनों को अलीगढ़ होकर गुजारा गया है। इसके साथ ही जीआरपी और आरपीएफ को सतर्कता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए है।
आरक्षण के मुद्दे पर हरियाणा में शुरू हुए आंदोलन की आंच पश्चिमी यूपी में भी सुलगने लगी है। अपने यहां रविवार को इगलास में चौराहे पर, टप्पल में जट्टारी और यमुना एक्सप्रेस वे पर दो ठिकानों पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया। हालांकि पुलिस ने पहुंचकर जैसे-तैसे समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
इधर, एसपीआरए संसार सिंह ने बताया कि जिले में पुलिसकर्मियों की छुट्टी इस आंदोलन के मद्देनजर बंद कर दी गई हैं, जो लोग छुट्टी पर हैं, उन्हें तत्काल वापसी के निर्देश दिए गए हैं। इगलास और टप्पल थाना इससे ज्यादा प्रभावित होता है। इसलिए इनको पड़ोसी थानों से भी फोर्स दिया गया है।