कोल तहसील के गांव रामपुर में राज्य स्तरीय स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट बनने जा रहा है। जिला प्रशासन ने शासन के निर्देश पर इसके लिए रामपुर गांव में 2.9 हेक्टेयर जमीन दी है। इसके बनने के बाद अलीगढ़ व मंडल के अन्य जिलों के छात्र-छात्राओं को होटल मैनेजमेंट की उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली, मुंबई, बंगलुरू या नोएडा का रुख नहीं करना पड़ेगा। यहां होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई से संबंधित स्नातक और परास्नातक के कोर्स कराए जाएंगे। तकरीबन 700 सीटें यहां दाखिले के लिए तय की जाएंगी।
अभी तक होटल मैनेजमेंट कोर्स के लिए सरकार ने पर्यटन मंत्रालय के अधीन इस संस्थान की मिनी इकाई फूड क्रॉफ्ट संस्थान के के तौर पर एएमयू के परिसर में संचालित कर रखी है। इसमें सिर्फ डिप्लोमा कोर्स ही संचालित होते हैं। एएमयू ने पिछले दिनों संस्थान के अधिकारियों से परिसर खाली करने को लेकर पत्राचार किया था, जिसके बाद जमीन तलाश की कसरत हुई और जिले को स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट की सौगात मिल गई।
18 करोड़ के करीब आएगी लागत, इंस्टीट्यूट के अंदर ही बनेगा होटल
फूड क्रॉफ्ट संस्थान के प्रिंसिपल नीलेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक जो फूड क्रॉफ्ट संस्थान एएमयू में संचालित हैं उसमें 420 सीटें हैं। यह सभी डेढ़ साल के डिप्लोमा कोर्स की सीटें हैं। इस सत्र में 350 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इसके साथ ही हुनर से रोजगार कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क होटल प्रबंधन व लोंड्री से संबंधित पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनमें 250 बच्चे पंजीकृत हैं। जो रामपुर गांव में 2.9 हेक्टेयर जमीन मिली है उस पर राज्य स्तरीय संस्थान खोला जाएगा। जिसका नाम स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट होगा।
केंद्र सरकार की ओर से इस प्रोजेक्ट के लिए 14 करोड़ रुपये की धनराशि दी जा रही है। बाकी की लागत को राज्य सरकार अदा करती है। करीब 18 करोड़ रुपये की लागत इस संस्थान को बनाने में आएगी। फिलहाल डीपीआर यानी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसमें एकेडमी ब्लाक, स्किल ब्लाक, प्रशासनिक ब्लाक, छात्र-छात्राओं के अलग-अलग छात्रावास, एक छोटा होटल सहित अन्य काम रखे जाएंगे। यह डीपीआर पहले केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और फिर नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के पास जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद आगे काम शुरू होगा।
युवतियों के सपनों को मिलेगी उड़ान
स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में तीन-तीन वर्ष के स्नातक और दो-दो वर्ष के परास्नातक कोर्स संचालित होंगे। होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में ही संचालित होने वाले एयर होस्टेस का कोर्स भी यहां कराया जाएगा। इससे अलीगढ़ व आसपास के जिलों की युवतियों के सपनों को उड़ान मिल सकेगी। दरअसल, एयर होस्टेस कोर्स में युवतियों की रुचि अधिक रहती है। इधर, होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में ही युवतियों की एक बड़ी संख्या रोजगार के लिए प्रतिभाग करती है।