अलीगढ़ के किशनपुर तिराहे पर बीपीएन रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की सूचना पर 22 अक्तूबर देर रात 11 बजे पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को देख वहां खलबली मच गई।
अलीगढ़ में थाना क्वार्सी क्षेत्र के किशनपुर में रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर 22 अक्तूबर की रात पुलिस ने छापा मारा। यहां 10-12 युवा नशीले पदार्थ का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
विज्ञापन
सीओ तृतीय मयंक पाठक ने बताया कि क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित किशनपुर तिराहे पर बीपीएन रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की सूचना पर 22 अक्तूबर देर रात 11 बजे पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को देख वहां खलबली मच गई। यहां 10-12 युवक बैठकर हुक्का पीकर नशीले पदार्थों का सेवन कर नशा कर रहे थे। दो व्यक्ति चारकोल को हुक्कों की चिलम में रख रहे थे। पूछताछ में एक ने अपना नाम आशू राणा व दूसरे ने राजीव कुमार निवासी मैलरोज बाईपास, नगला कलार, थाना बन्नादेवी बताया। दोनों हुक्का बार चलाने का लाइसेंस नहीं दिखा सके।
पुलिस को यहां से सात हुक्का, सात पाइप, छह चिलम, तीन चिमटे, तीन क्लाउड, सात पोड, तीन चारकोल के पैकेट व अन्य सामान मिले। जिसे सील कर दिया गया है। सीओ तृतीय ने बताया कि हुक्का बार का संचालन बिना लाइसेंस के अवैध रूप से हो रहा है। इस संबंध में उपनिरीक्षक निशांत चौधरी ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।