गांव धनसारी निवासी यूसुफ की हत्या उसकी पत्नी तबस्सुम ने ही प्रेमी दानिश से मिलकर कराई थी। इसका खुलासा पत्नी को हिरासत में लेकर की गई पुलिस की पूछताछ में हुआ है। पुलिस प्रेमी और उसके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
गत 29 जुलाई से लापता यूसुफ (28) का शव शनिवार को कासगंज के गांव नगला छत्ता में एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में मिला था। एसपी देहात अमृत जैन ने रविवार को बताया कि पुलिस ने पिता भूरे खां की तहरीर पर तबस्सुम, प्रेमी दानिश व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। काॅल डिटेल में पत्नी और प्रेमी के बीच लंबे-लंबे समय तक बातचीत के साक्ष्य मिले हैं, जिसके बाद यूसुफ की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में पत्नी ने पुलिस को बताया है कि वह अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती थी, पति इस का विरोध करता था। घटना वाले दिन उसने पति के घर से निकलने की सूचना अपने दानिश को दी थी। एसपी देहात ने बताया कि नामजद प्रेमी के पकड़े जाने के बाद उसके अन्य साथियों के नामों का खुलासा हो सकेगा।
उधर, कासगंज में पोस्टमार्टम के बाद रविवार की शाम करीब पांच बजे यूसुफ का शव गांव पहुंचा। परिजनों व ग्रामीणों ने घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छर्रा-कासगंज मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क से हटा दिया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
दोनों हाथ बांधे, फिर पेट पर किए धारदार हथियार से वार
कासगंज। यूसुफ के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई। रिपोर्ट और पुलिस के अनुसार पहले उसके दोनों हाथ बांधे गए, फिर पेट पर धारदार हथियार से वार किए गए। पहचान छिपाने के लिए पूरे शरीर पर तेजाब डाल दिया। कपड़ों और चप्पलों से शव की पहचान हुई थी।