संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
कस्बा मुरसान में सोमवार को एसीएमओ के साथ एसडीएम ने पैथोलॉजी व झोलाछाप डॉक्टरों के यहां छापेमारी की है। इस दौरान ज्यादातर चिकित्सक व पैथोलॉजी संचालक अपनी दुकानों का शटर डालकर फरार हो गए। बता दें कि दो दिन पहले भी कस्बा मुरसान में सीएचसी मुरसान के प्रभारी डॉ वरुण चौधरी ने छापेमारी की थी। इस दौरान चार लोगों को नोटिस दिए गए थे।
नोटिस देने के बाद कुछ लोगों ने अभी तक उसका कोई जवाब नहीं दिया है। सोमवार को एसीएमओ डॉक्टर मुकेश कुमार व ओसी कलेक्ट्रेट नीतू रानी ने कस्बा में चिकित्सकों के यहां छापेमारी की है। इस दौरान कुछ होम्योपैथिक वाले चिकित्सकों के क्लीनिकों पर अंग्रेजी दवा व मरीजों के लिए रखी हुई ड्रिप, बोतलें मिली हैं।
इगलास रोड स्थित एक क्लीनिक पर काफी पुरानी रखी हुई एक्सपायरी डेट की दवा भी छापेमारी के दौरान मिली है। एसीएमओ ने चिकित्सकों के पास रखी हुई दवा व उनके क्लीनिक के सर्टिफिकेट सहित अन्य जरूरी कागजातों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। लोगों का आरोप है कि क्लीनिक व पैथोलॉजी पर की गई छापेमारी द्वेष भावना से कराई गई है। छापेमारी की कार्रवाई सभी पर एक समान होनी चाहिए।