संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
जिले के दौरे पर आए नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता ने शनिवार को ग्राम पंचायत बिजाहरी स्थित निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इसके बाद नोडल अधिकारी ने बिजाहरी के प्राथमिक विद्यालय में मौजूद अधिकारियों से वार्ता की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से डेंगू और मलेरिया की जांच एवं रोकथाम के उपाय के बारे में जानकारी ली। ग्राम प्रधान से गांव की समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
नोडल अधिकारी सबसे पहले तहसील के निकट निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र पहुंचे। वहां सहायक अभियंता से निर्माणाधीन भवन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। नोडल अधिकारी द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब कार्यदायी संस्था आवास-विकास परिषद के अभियंता नहीं दे सके।
नोडल अधिकारी ने संबधित अभियंता की जमकर क्लास लगाई। अग्निशमन के क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार से भी निर्माणाधीन भवन की जानकारी लेते हुए पूछा कि किन-किन कर्मचारियों को आवास आवंटन किया जाएगा और क्या सुविधा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
क्षेत्राधिकारी ने नोडल अधिकारी के हर सवाल का बेबाकी से जवाब दिया। इसके बाद नोडल अधिकारी बिजाहरी के प्राथमिक विद्यालय में लगी चौपाल में पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों द्वारा जिले में डीएपी खाद की किल्लत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों से इस संबंध में बैठक में पूछताछ की जाएगी।
नोडल अधिकारी के आगमन को लेकर कोतवाली चौराहे से गांव बिजाहरी तक जलभराव को दूर कराने और सड़कों के गड्ढों को आनन-फानन मिट्टी डालकर भरवा गया। हालांकि अस्थायी रूप से गड्ढे तो भर गए, लेकिन जलभराव की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पाई।
ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव नगर पंचायत से सटा है। तहसील, थाना, अग्निशमन केंद्र, ब्लॉक कार्यालय, पशु चिकित्सालय गांव बिजाहरी की सीमा में है, लेकिन यह ग्राम पंचायत अभी तक नगर पंचायत में शामिल नहीं हो सकी है। इस मौके पर जिले के आला अधिकारी मौजूद थे।