हाथरस के चंदपा के बिटिया प्रकरण में सीबीआई की छानबीन और पूछताछ जारी है। शनिवार को सीबीआई की टीम फिर से बिटिया के गांव पहुंची। सीबीआई की टीम ने आरोपियों के घर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।
वहीं, इससे पहले सीआरपीएफ की टीम चंदपा थाने पहुंची। यहां से सीआरपीएफ बिटिया के घर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को अपने हाथ में ले लिया।
इससे पहले गांव चितावर के एक युवक को शुक्रवार की शाम को सीबीआई की टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। युवक नाबालिग आरोपी का दोस्त था। बिटिया के मामले में सीबीआई की पूछताछ व छानबीन लगातार जारी है।
हर पहलू को ध्यान में रखकर सीबीआई पूछताछ कर रही है। जिस आरोपी को नाबालिग बताया जा रहा है, उसके संबंध में भी काफी दस्तावेज सीबीआई एकत्रित कर रही है। आरोपियों के परिजन, उनके मित्रों व इस केस से जुड़े सभी लोगों से सीबीआई पूछताछ कर रही है।