सांड़ के हमले से किसान की मौत
जमीन पर पड़े किसान को लेकर ग्रामीण पहुंचे सीएचसी, मृत घोषित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद (हाथरस)। क्षेत्र में आवारा पशुओं का खौफ है। आए दिन ये पशु लोगों की जान के दुश्मन बन रहे हैं। मंगलवार को सांड़ ने एक किसान को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से परिवार वालों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव गढ़ी हुलासी निवासी ओमवीर सिंह उर्फ फूल सिंह (50 वर्ष) पुत्र भीकम सिंह के पास 10 बीघा जमीन है। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। दो बेटों और बेटी की शादी हो चुकी है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ओमवीर सिंह अपने खेत पर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में पीछे से आए एक सांड़ ने उनको टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े।
आसपास के लोग उन्हें सीएचसी लेकर भागे। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने ओमवीर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई। इस घटना के बाद परिवार वालों में कोहराम मचा है। ओमवीर सिंह किसी तरह से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। घर में कोई सदस्य कमाने वाला नहीं है।