टेलीविजन धारावाहिक ‘दीया और बाती हम’ फेम कलाकार कनिका माहेश्वरी ने शहरवासियों से अपने बच्चों को स्वच्छ शहर देने का आह्वान किया। कहा कि आज से ही शहर को स्वच्छ बनाने में जुट जाएं।
कनिका माहेश्वरी शुक्रवार को नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण - 2022 के अंतर्गत डीएस कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ब्रांड एंबेसडर सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
कनिका माहेश्वरी एवं धारावाहिक ‘भाबी जी घर पर हैं’ फेम के कलाकार दीपेश भान (मलखान) को नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। मूलरूप से अलीगढ़ की निवासी कनिका माहेश्वरी ने कहा कि बेहतर समाज की रचना के लिए स्वच्छता जरूरी है। हमारे एवं आपके सहयोग से ही यह सपना पूरा हो सकता है। ब्रांड एंबेसडर दीपेश भान ने कहा कि जहां सफाई होती है, वहां लक्ष्मी निवास करती है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कहा कि स्वच्छ रहेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण की यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। कनिका माहेश्वरी, दीपेश भान, कार्यक्रम के प्रायोजक सुमित सराफ और माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन कल्पना सिंह जादौन एवं अरुण तिवारी ने किया।
स्वच्छ बनाने के लिए मांगा एक वार्ड
प्रायोजक सुमित सराफ ने कहा कि मुझे शहर का एक वार्ड दिया जाए। शेखर सराफ मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा उस वार्ड को स्वच्छ वार्ड बनाने का प्रयास करेंगे। स्वच्छ वार्ड बनाने के लिए लोगों का सहयोग लिया जाएगा और उन्हें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
रंगारंग प्रस्तुति से बच्चों ने मोह लिया मन
टीकाराम कन्या डिग्री कॉलेज, विश्व भारती पब्लिक स्कूल, विजडम पब्लिक स्कूल, रेडियंट स्कूल, कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, जीआईसी, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, संगीता डांस एकेडमी, आर्यन डांस एकेडमी, नवनीत ग्रुप, आर्यन डांस एकेडमी, शिव समृद्धि संस्था के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
ये रहे मौजूद...
एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद, सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय, अशोक भाटी, मनोज कुमार प्रभात, एमके माथुर, राजेश कुमार, मजहर उल कमर आदि।