महानगर के सासनीगेट क्षेत्र की बैंक कालोनी में शुक्रवार रात घर में रखा जहर खाकर एक युवती ने जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार बैंक कालोनी की 24 वर्षीय ज्योति पुत्री शिव प्रकाश सिंह का शुक्रवार को किसी बात पर परिवार में विवाद हो गया था। इसके बाद शाम को उसके माता-पिता शहर से बाहर किसी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने चले गए। भाई किसी काम से बाजार चला गया।
तभी रात में ज्योति ने जहर खा लिया। जब भाई घर लौटा तो उसकी तबियत बिगड़ती देख आगरा रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। खबर पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार गृह क्लेश में आत्महत्या की बात निकलकर आ रही है। शव परिवार को सौंप दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। ब्यूरो