कोरोना की दूसरी लहर में मौतों का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह के स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल के अनुसार, चार लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। इस तरह मौतों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है। 417 नए केस मिले हैं तो 295 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। दीनदयाल अस्पताल में दिन भर में 13 मरीजों की मौत हुई है, मगर स्वास्थ्य अधिकारी उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
कोरोना की दूसरी लहर में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल के अनुसार शनिवार सुबह तक 4 और कोरोना मरीज काल का ग्रास बन गए हैं। 417 नए केस मिले हैं। इस तरह सक्रिय मरीजों की संख्या अब 3175 हो गई है। अब तक कुल 18626 मरीज मिले हैं।
शनिवार को 295 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। अब तक 15338 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को हुई 4334 जांच मिलाकर अब तक 7.89 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में शनिवार को 13 लोगों की मौत हो गई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उनकी मौत कोरोना अथवा अन्य बीमारियों से हुई है।
सीएमओ डॉ बीपी कल्याणी ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और आवश्यक काम से ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। जो मरीज दीनदयाल में मरे हैं, उनकी रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट होगी।