थाना पुलिस ने गांव पिलौना मोड़ पर चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक सहित एक व्यक्ति को पकड़कर जेल भेज दिया। बाइक आगरा निवासी एक व्यक्ति की निकली है, जिसे गाजियाबाद से चोरी किया गया था।
पुलिस के अनुसार, पिलौना मोड़ पर छतारी की ओर से आ रहे बाइक सवार एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। घेराबंदी कर बाइक समेत पकड़ने पर पूछताछ में उसने अपना नाम हृदेश पुत्र पुरुषोत्तम दास निवासी बूरा वाली गली, नमक की मंडी थाना डिबाई, जनपद बुलंदशहर बताया। उसकी जेब से दो हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। चोरी की होंडा शाइन बाइक के कागजात मांगने पर बाइक अपने दोस्त की बताई। चालान एप के सहयोग से बाइक रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर देखा तो उसमें शाहिद वारसी पुत्र शमशाद वारसी निवासी अमर नगर टीला बड़ी मस्जिद के पास शाहदरा कुबेरपुर यमुना ब्रिज आगरा अंकित निकला। बाइक स्वामी को फोन करने पर पता चला कि उसकी बाइक गाजियाबाद स्थित घर के सामने से एक अप्रैल को चोरी कर ली गई थी। गाजियाबाद के थाना खोंड़ा में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
मामले का पटाक्षेप होने पर हृदेश टूट गया और उसने खोंड़ा, गाजियाबाद से बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह बाइक को बेचने के लिए जा रहा था। वहीं, एसओ जवां धीरज कुमार ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।