मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ हुई मारपीट के बाद हड़ताल पर गए डॉक्टर ।
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार की शाम को विश्वविद्यालय के छात्र ने डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी। इस घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स ने हड़ताल की घोषणा कर दी है।
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने जनरल बॉडी की बैठक बुलाकर डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मांग की कि जब तक ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर को सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी, तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगे।
विश्वविद्यालय के डिप्टी प्रॉक्टर सैयद नवाज अली जैदी ने बताया कि बीए में पढ़ने वाला विश्वविद्यालय का छात्र पेट में दर्द की शिकायत होने पर मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में गया था। उस वक्त ड्यूटी पर डॉक्टर मोहिबुल हक मौजूद थे। बताया गया है कि छात्र ने कहा कि उसके पेट में ज्यादा दर्द हो रहा है, इसलिए उसको जल्दी देख लिया जाए।
जबकि उस समय डॉक्टर किसी दूसरे मरीज का उपचार कर रहे थे। कहा गया कि थोड़ी देर इंतजार करें। इसी बात पर छात्र और डॉक्टर के बीच वाद विवाद हुआ। बताया गया कि छात्र में अपने समर्थन में कुछ अन्य लोगों को बुलवा लिया। मामला तूल पकड़ने पर हमलावरों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी। डिप्टी प्रॉक्टर ने बताया कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित डॉक्टर की ओर से लिखित में उनके कार्यालय को शिकायत की गई है। वह सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। दोषियों के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। अगर वह बाहरी तत्व हुए तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस में भी शिकायत की जाएगी। दूसरी ओर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आकिब ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है, जब ड्यूटी पर मौजूद किसी डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना हुई है। इस घटना के बाद डॉक्टरों में आक्रोश है। डॉक्टरों ने मांग की है कि जब तक उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी तब तक वह हड़ताल पर ही रहेंगे। सभी रेजिडेंट डॉक्टर मिलकर जनरल बॉडी की मीटिंग कर रहे हैं। जिसमें आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा।