डीएम सेल्वा कुमारी जे ने जलवायु संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए आम जनता का सहयोग मांगा है। उन्होंने अपील की है कि लोग अपने घर का कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका एवं निकायों से कूड़ा निस्तारण का हरसंभव प्रयास करने एवं मथुरा रोड स्थित एटूजेड प्लांट का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यावरण संरक्षण, प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित कराए जाने एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के क्रम में हुई जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जलवायु संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में समाज के सभी वर्ग के लोग अपना-अपना सहयोग प्रदान करें। जिससे अलीगढ़ शहर को एक नई पहचान दिलाई जा सके। सभी सभासद एवं जन सामान्य अपने-अपने वार्ड व क्षेत्र को साफ और स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी लें और व्यक्तिगत रुचि के साथ कार्य करते हुए जलवायु संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने सभी नगर निकायों एवं नगर पालिकाओं को निर्देशित किया कि वह कूड़ा निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास करें। इसके लिए मथुरा रोड पर चल रहे ए टू जेड प्लांट से भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप पर वांछित सूचना के बिंदुओं को निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित प्रारूप पर सुस्पष्ट आख्या प्रेषित करें। डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ ने बताया कि एनजीटी के आदेश पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने एक बार फिर सक्षम अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल, एसडीएम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अनिल कुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।