कृषि कानूनों की वापसी के बाद व्यापार मंडल ने जीएसटी कानून में तुरंत बदलाव करने की मांग शुरू कर दी है। व्यापारियों का कहना है कि ऑडिट के नाम पर वाणिज्य कर विभाग आतंक मचाए हुए है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक रेलवे रोड स्थित समर्पण कांपलेक्स में हुई। इसमें व्यापारी नेताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा कृषि कानूनों को वापस लिए जाने पर खुशी जताई। व्यापारियों ने कहा कि इससे किसानों में अनिश्चितता का माहौल समाप्त होगा।
महानगर अध्यक्ष सतीश माहेश्वरी ने कहा कि सरकार जीएसटी के कानून में तुरंत बदलाव करे। आईटीसी का लाभ न मिलने और ऑडिट के नाम पर आतंक के बाद सौदेबाजी से व्यापारी बहुत ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि रिफंड में पांच प्रतिशत कमीशन आम बात है। चेयरमैन ओपी राठी ने कहा कि जीएसटी कानून में शीघ्र ही बदलाव की आवश्यकता है। जीएसटी लगाते समय सरकार ने जो भी कहा था उसका उलटा हो रहा है। कोषाध्यक्ष किशन गुप्ता ने कहा कि समय रहते सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो व्यापारी इस चुनाव में सरकार को सबक सिखाएंगे। विवेक शर्मा ने कहा कि व्यापारी किसी पार्टी के बंधुआ नहीं हैं।