महानगर के वैष्णो बांकनेर अपार्टमेंट में रहने वाले प्रमुख डॉक्टर आशीष मित्तल साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनको झारखंड-बिहार के बॉर्डर के गांव से साइबर हैकरों ने सिम स्वेप कर चूना लगाया है। इस संबंध में पुलिस से हुई शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
डॉ.आशीष मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर के अनुसार उनके पास बृहस्पतिवार सुबह एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका सिम कुछ तकनीकी कमी के कारण दो दिन के लिए बंद होगा। उसने यह बताते हुए एक मोबाइल नंबर भी उन्हें अंकित कराया और कहा कि अब आपके पास एक वेरीफिकेशन कॉल आएगी। उसे आप मेरे द्वारा दिया गया नंबर बता दें।
डॉक्टर उसकी बातों में आ गए और जब वेरीफिकेशन कॉल आई तो उन्होंने दूसरा नंबर बता दिया। इसी दौरान उनका सिम स्वेप हो गया। चूंकि उनके नंबर पर इंटरनेट बैंकिंग उपलब्ध थी। इसलिए उनके खाते से चार बार में 2.11 लाख रुपये पार हो गए। जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो वे थाना क्वार्सी पहुंचे। इंस्पेक्टर छोटेलाल के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि यह हैकिंग झारखंड-बिहार बॉर्डर के चर्चित गांव से ही हुई है। रुपये वापसी का प्रयास कराया जा रहा है।