सुजानपुर में युवक की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजानपुर में किसी ने रंजिश के चलते 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। गोवर्धन के दिन शव खेत में पड़े होने की खबर जैसे ही फैली, इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे सीओ को मृतक के परिजनों ने घेर लिया। महिलाएं उनकी सरकारी गाड़ी के आगे लेट गईं। युवकों ने गाड़ी का आगे का शीशा तोड़ दिया। जिस पर उन्हें बलपूर्वक पुलिस ने हटाया तथा मृतक के मां-पिता और भाई को समझाकर थाने ले गए।
बता दें कि गांव निवासी तपन पुत्र सोहनलाल अपने भाई दीनदयाल और कुलदीप के साथ गौमत पर डीजे का काम करता था। कुछ दिनों से वह नोएडा में किसी की कार चला रहा था। दीपावली के दिन रविवार अपराह्न तीन बजे उसने मां सुनीता देवी के पास फोन आया था। उसने दीपावली की रात्रि घर आने की बात कही थी, लेकिन वह रात्रि को घर नहीं आया। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे किसी ग्रामीण ने शव खेत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। जिस पर एसएसआई नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। तपन के कनपटी और छाती में गोली लगी थी। मौके से एक 32 बोर का खोखा भी पुलिस को मिला। उन्होंने शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसके बाद सीओ ओमप्रकाश सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। वहां जांच पड़ताल कर वह मृतक के घर जा रहे थे कि रास्ते में ही उन्हें मृतक के परिजनों ने घेर लिया। महिलाएं सीओ की गाड़ी के आगे लेट गईं, तथा युवक हंगामा करने लगे। वे पुलिस द्वारा शव को जल्दी भेजने से आक्रोशित थे। एक युवक ने घूंसा मारकर सीओ की गाड़ी के शीशे को तोड़ दिया। जिस पर पुलिस ने सख्ती कर सभी को वहां से हटा दिया। मृतक के भाई दीनदयाल ने गांव के योगेश पुत्र ईश्वरी, संचित पुत्र योगेश, अभिषेक और अंकुर पुत्र ब्रजमोहन व गोलू पुत्र धर्मवीर पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ ओपी सिंह का कहना है कि मौके पर बहुत कम मात्रा में खून मिला है। लगता है हत्या कहीं और कर शव को खेत में फेंका गया है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। त्रिलोकी हत्याकांड और अन्य बातों का घटना से संबंध पर बारीकी से जांच की जा रही है। जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तपन की हत्या त्रिलोकी की हत्या का बदला तो नहीं
खैर। गांव सुजानपुर में सवा वर्ष पहले तक अमन चैन कायम था। लेकिन जुलाई माह 2015 में गांव के धर्मवीर की किसी ने गोली मार कर हत्या कर दी। जिसके बाद से गांव में अशांति का माहौल शुरू हो गया। फिर डेढ़ माह पूर्र्व त्रिलोकी तथा अब तपन की हत्या ने गांव की फिजा ही बदल दी है। एक के बाद एक हत्या की घटनाओं ने ग्रामीणों को परेशान कर दिया है। बता दें कि डेढ़ माह पूर्व चौदह सितंबर को तड़के घेर के बाहर सो रहे किसान त्रिलोकी पुत्र भगवती की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसमें मृतक के पुत्र लोकेश ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पुलिसिया जांच में त्रिलोकी की हत्या में गांव के एक शातिर के साथ मृतक का नाम प्रकाश में आने की चर्चा भी हुई थी। जिसके चलते अब तपन की हत्या त्रिलोकी की हत्या की बदले के रूप में देखी जा रही है। मृतक के भाई ने आरोपी बनाए गए पूर्व प्रधान योगेश उसके बेट संचित और ब्रजमोहनके बेटे अभिषेक और अंकुर त्रिलोकी के खास साथी थे। वहीं पांचवां आरोपी गोलू जुलाई में हुई हत्या धर्मवीर का दूसरे नंबर का बेटा है। एक बेटा बाप की हत्या में जेल में हैं।