धनीपुर इलाके के जीटी रोड पर गुरुवार सुबह एक 13 वर्षीय बालक को ट्रक ने रौंद दिया। मौके पर ही बालक की मौत हो गई। बालक साइकिल से राशन कार्ड की फोटोस्टेट कराने जा रहा था। हादसा देख राहगीरों ने ट्रक के पीछे दौड़ लगा दी। ट्रक चालक ने मौके से भागकर खुद को गांधी पार्क पुलिस के हवाले कर दिया। इधर, सूचना पाकर बालक के परिजन पहुंच गए। उन्होंने रोड जाम कर मुआवजे की मांग की। पुलिस ने समझाकर परिजनों को शांत किया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द किया।
वाकये के अनुसार बिट्टू (13) पुत्र देवेंद्र सिंह बघेल निवासी धनीपुर, गांधी पार्क सुबह सात बजे करीब अपने घर से साइकिल लेकर पिता के कहने पर राशन कार्ड की फोटोस्टेट कराने को निकला था। वह जीटी रोड पर पहुंचा ही था कि अचानक पीछे से आते एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक बिट्टू के पिता देवेंद्र सिंह के मुताबिक पड़ोसी युवक ने घर आकर हादसे की जानकारी दी। मौके पर जाकर देखा तो बेटा मरण अवस्था में सड़क पर पड़ा था। इधर, सूचना मिली की राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़ने की कोशिश की। मगर, वह भागकर थाने पहुंच गया। यह देख पड़ोस के लोग आक्रोशित हो गए उन्होंने सड़क पर शव को रख जाम लगा दिया।
देवेंद्र के मुताबिक बिट्टू धनीपुर के सरकारी स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। इंस्पेक्टर गांधी पार्क के अनुसार परिजनों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया गया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। ट्रक चालक हिरासत में है। उसके खिलाफ बच्चे के परिजनों ने तहरीर दी है।