रद्दी कारोबारी की बाइक के थैले से तीन लाख पार
- फोटो : Dig Vishal
थाना सासनी गेट इलाके में रद्दी कारोबारी की बाइक के थैले से तीन लाख रुपये पार कर दिए। घटना के बाद बदहवास रद्दी कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पैसा पार करने वालों का कोई सुराग नहीं लगा। दो महीने बाद कारोबारी की बहन की शादी है। इसी के चलते घटना के बाद उसकी समस्या और बढ़ गई है।
रवि गुप्ता पुत्र छोटेलाल गुप्ता, निवासी महेंद्र नगर रद्दी का काम करते हैं। शनिवार को रवि गुप्ता ने खिरनी गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 3 लाख रुपये निकाले और अपनी अपाचे बाइक के थैले में रख लिए। इसके बाद रवि गुप्ता पालीवाल इंटर कॉलेज के सामने एक प्रिंटिंग प्रेस पर पहुंचे। यहां पर थैले से एक बिल बुक निकाली और प्रिंटिंग प्रेस वाले को देकर वापस आए। जव वह वापस आए तो थैले में रुपयों का बंडल नहीं था। आसपास तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आसपास लोगों से पूछा, लेकिन रुपयों का बंडल पार करने वालों का कुछ पता नहीं लगा।
सीसीटीवी में भी कुछ नहीं मिला
पैसे पार होने के बाद रवि गुप्ता बैंक वापस पहुंचे और वहां सीसीटीवी कैमरों में फुटेज चेक करने के लिए कहा, लेकिन पता लगा कि बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरे ही नहीं हैं। सामने एक फैक्ट्री में एक सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, लेकिन उसकी दिशा इस तरह थी कि वह एक सीमित स्थान को ही कवर कर सकता था। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि कई घटनाएं यहां पर इस तरह की हो चुकी हैं। जिसके बाद बैंक को कहा है कि वह दो सीसीटीवी कैमरे अलग-अलग दिशाओं में लगाव लें, लेकिन सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए गए हैं।