महानगर के देहली गेट उपद्रव प्रकरण में अब तक पुलिस और गौरव पक्ष की ओर से ही मुकदमे लिखे गए थे। मेडिकल में इलाज पा रहे दानिश के गोली लगने से घायल होने या बिट्टू की मोबाइल शॉप को जलाने का कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। शनिवार देर रात इन पक्षों से भी तीन तहरीरें पुलिस के पास पहुंचीं, जिनमें पूर्व पार्षद सहित कई लोगों को नामजद करते हुए युवक पर हमले आदि के आरोपों में बल्वे का मुकदमा दर्ज किए गए हैं।
एसओ देहली गेट के अनुसार पहला मुकदमा मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे दानिश के चाचा इरशाद उर्फ कल्लू निवासी सराय मियां की ओर से नीरू, छोटू, जग्गू पुत्रगण गोविंद, परवेंदर, पूर्व पार्षद भगत सिंह, गोविंद, नितिन, विपिन व उनके 40-50 अज्ञात साथियों पर धारा 147, 148, 149, 436, 336, 504, 506, 307 के तहत दर्ज कराया है। इस मुकदमे में आरोप है कि घर में रिश्तेदार आए थे और दानिश उनके लिए नाश्ता लेने बाजार जा रहा था।
तभी कैलाश गली के मुहाने पर उसे बल्वाइयों ने घेर लिया और बुरी तरह पीटते हुए गोली मार दी। इस दौरान इन लोगों के हाथों में लाठी, बल्लम, फरसे, असलहे लगे हुए थे। घायल होने पर दानिश को कुछ लोगों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जब खबर लगी तो हम परिजन वहां पहुंच गए।
दूसरा मुकदमा सराय मियां निवासी हाजी फारुख की ओर से नितिन, विपिन, बाला, बीरू, जग्गू, छोटू, परमेंदर, पूर्व पार्षद भगत सिंह, हरदयाल, बंटी, सतीश, रॉकी, राजू सावरियां, तरुण, सोनू, सतीश, बुलबुल, अवतार, ललित, कालीचरन, मुन्नीलाल, वीरू, पप्पू, बड्डू, मनोज, विजय, पवन भीलवारा, दिनेश, संजू, पहाड़िया व उनके 45 अज्ञात साथियों को नामजद करते हुए लिखाया गया है। जिसमें बल्वाइयों द्वारा एक राय होकर तेजाब, पेट्रोल, हथियारों, पत्थरों आदि से हमला करने, बाल-बाल बचने का आरोप है।
यह मुकदमा धारा 147, 148, 149, 436, 336, 504, 506, 307, 7 क्रिमिनल एक्ट व 3/5 लोक संपत्ति अधिनियम के तहत लिखा गया है। तीसरा मुकदमा मोबाइल शॉप के दुकान स्वामी बिट्टू यादव पुत्र भूरा यादव की ओर से अज्ञात लोगों पर दर्ज कराया है, जिसमें आरोप है कि बवाल होने पर वह दुकान बंद कर भाग गया। बाद में उसे पता चला कि उसकी दुकान को आग लगा दी गई।
दानपुर कंपाउंड में भिड़े युवक, दबोचे
अलीगढ़। महानगर के रसलगंज स्थित दानपुर कंपाउंड में शनिवार देर रात दो युवक आपस में भिड़ गए। बाद में वह मारपीट करते हुए एसपी सिटी दफ्तर तक आ गए। जिन्हें बन्नादेवी पुलिस ने दबोच लिया और थाने भेज दिया। उन पर शांति भंग के तहत कार्रवाई की जा रही है।