महानगर के जेल रोड स्थित गजाधर गेस्ट हाउस के स्वामी व बेशकीमती संपत्ति के मालिक बच्चू सिंह की शुक्रवार रात रहस्यमय हालत में जहर से मौत हो गई। मगर इस मामले में शनिवार दुपहर उस समय नया मोड़ आ गया, जब बड़ी विधवा बहू ने देवर व उसके सालों पर हत्या का आरोप लगा दिया।
बहू की शिकायत पर बन्नादेवी पुलिस ने छोटे बेटे व उसके सालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम में बिसरा प्रिजर्व किया गया है।
मूल रूप से हाथरस के गांव गगचौली व हाल जेल रोड चेज कंपाउंड निवासी बच्चू सिंह उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त थे और घर के निकट उन्होंने गेस्ट हाउस बना रखा है। उनके दो पुत्रों में बड़े पुत्र सतेन्द्र की मौत हो गई थी। उसके बाद से बड़ी बहू गुंजन अलग मकान में रह रही थी, जबकि खुद बच्चू सिंह छोटे बेटे सतीश संग दूसरे मकान में रहते थे।
शुक्रवार रात अचानक हालत बिगड़ने से बच्चू सिंह की मौत हो गई। शनिवार सुबह मामले में गुंजन ने पुलिस को सूचना देते हुए यह आरोप लगा दिया कि सतीश ने अपने साले सुनील, घमंडी व दो अज्ञात के साथ मिलकर संपत्ति के लालच में बच्चू सिंह की जहर देकर हत्या कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुपहर बाद महिला की तहरीर के आधार पर सतीश सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ बन्नादेवी के अनुसार पोस्टमार्टम में जहर के सेवन से मौत और बिसरा प्रिजर्व आया है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।