लोधा में दो पक्षों में हुए झगड़े के बाद जानकारी लेते एसपी सिटी अभिषेक।
- फोटो : Rupesh
शुक्रवार को बरौठ छजमल गांव में लाटरी में निकले पंखे को छीनने को शाम करीब आठ बजे दो पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। इस झगड़े में लाठी-डंडाें से पीटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। करीब दो दर्जन लोग इस मारपीट में घायल हुए हैं। सभी को देर रात मलखान सिंह जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बरौठ छजमल गांव में कुछ लोग लाटरी के जरिए कीमती सामान बेचने पहुंचे थे। यह लोग लाटरी के जरिए सस्ता सामान मिलने की बात कहकर ग्रामीणों से लाटरी खुलवा रहे थे। गांव के जोधा के बेटे बंटी ने एक लाटरी खरीदी जिसमें पंखा निकला। बताते हैं कि बंटी से यह पंखा छीनकर गांव का राजू पुत्र डंबर सिंह ले गया। इसी बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। रात करीब आठ बजे के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि राजू ने पीछे से जोधा के भाई शिशुपाल पुत्र वीरपाल के सिर पर लोहे की रॉड से तेज वार किया जिससे मौके पर ही शिशुपाल की मौत हो गई। मारपीट में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं जिनमें एक पक्ष से बंटी पुत्र जोध, गजेंद्र, छोटू और जीतू पुत्र वीरपाल जबकि दूसरे पक्ष से डंबर सिंह पुत्र सोहन सिंह, राजू पुत्र डंबर सिंह, महेश पुत्र सोनपाल, मुकेश पुत्र सोहनलाल, ओमी व देवेश पुत्र डंबर समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। देर रात एसओ लोधा का कहना था कि दोनों पक्ष अभी तहरीर देने को तैयार नहीं है। तहरीर मिलने पर मुकदमा लिखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर तरफ गूंज रहीं थीं चीखें और शोर
लोधा। शुक्रवार की रात बरौठ छजमल गांव में हर तरफ शोर और चीखें गूंज रही थीं। मारो-मारो, यह भागा, पकड़ो-पकड़ो के बीच दोनों पक्ष एक-दूसरे को घेरकर वार कर रहे थे। उधर शिशुपाल की हत्या के बाद उसके परिवार की महिलाओं की चीखें कलेजे को फाड़ रही थीं। पूरा गांव दहशत में था। अफरातफरी का माहौल था। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर छिपे हुए थे। कोई बाहर निकलकर बीचबचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।