देर रात स्टेशन पर छात्रों का आतंक
- फोटो : Rupesh
नोएडा के सेक्टर 63 में संचालित यश बैंक के मैनेजर दुष्यंत को स्थानीय विवि के उदंड छात्रों ने चलती हुई मगध एक्सप्रेस से नीचे फेंका दिया, जिसमें वह बाल बाल बच गए। अगर ट्रेन प्लेटफार्म पर न होती तो शायद ट्रेन से कट कर मौके पर ही दुष्यंत की जान चली जाती। उनके साथ एक अन्य यात्री को भी बुरी तरह से पीट कर फेंका गया, जो दिल्ली में ही एक प्रतिष्ठित कंपनी में आईटी सर्विस देता है। इसके साथ ही चार अन्य लोगों को पीटा गया। घायलों को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार की रात दिल्ली से इस्लामपुर जा रही डाउन मगध एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अलीगढ़ गाजियाबाद और दिल्ली के बीच सफर करने वाले अलीगढ़ निवासी दैनिक यात्री सवार थे। जो शनिवार को आम दिनों की तरह रविवार का साप्ताहिक अवकाश मनाने अलीगढ़ अपने घर आ रहे थे। स्थानीय विवि के कुछ छात्र उसी स्लीपर कोच पर पहले से ही सवार थे। दैनिक यात्रियों के आग्रह करने के बाद जब छात्रों ने बैठने की जगह नहीं दी तो विवाद हुआ।
ट्रेन जब गाजियाबाद से चली तो कहासुनी गालीगलौज में बदल गई। छात्रों ने अलीगढ़ में फोन कर अपने दोस्तों को स्टेशन पर बुला लिया। ट्रेन लगभग साढ़े दस बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची। ट्रेन के पूरी तरह से रुकने के पहले ही कुछ गुस्साए छात्र कोच में सवार हो गए और दोस्तों से पूछने के बाद दैनिक यात्रियों से बुरी तरह से मारपीट शुरू कर दी और उनको ट्रेन से नीचे फेंकने लगे। मारपीट देख कर दूसरे यात्री किनारे हो लिए। जिन दो तीन दैनिक यात्रियों को कोच से बाहर फेंका गया वो चढ़ने वाली भीड़ के कारण ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच की जगह में फंसने से बच गए नहीं तो चलती ट्रेन से उनके साथ गंभीर हादसा हो जाता।
गुस्साए और अराजक हुए छात्रों ने आधा दर्जन मुसाफिरों को बुरी तरह से पीटा, जिनको बमुश्किल पुलिस ने बचाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में दुष्यंत पुत्र देवेंद्र पाल निवासी सुरेंद्र नगर के अलावा जमुना प्रसाद वर्मा उर्फ विशाल शर्मा निवासी सासनी जिला हाथरस को ज्यादा चोटें लगी हैं।
इनके अलावा चार अन्य लोगों के साथ भी मारपीट हुई। जिसमें चंद्रप्रकाश, नीरज वार्ष्णेय और राहुल भी छात्रों का शिकार बने। पुलिस ने दुष्यंत और विशाल का ही मेडिकल कराया है, बाकी को घर भेज दिया गया। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से देर रात तक जीआरपी में कोई तहरीर नहीं दी गई है। जीआरपी इंस्पेक्टर दीपक पांडेय ने बताया कि मारपीट हुई है तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।